
• सरकारी व्यवस्था को नाकाफी बताते हुए सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना
परसा (सारण)। परसा प्रखंड के सगुनी और अंजनी गांव में सोमवार को पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं से रूबरू हुए। उन्होंने बाढ़ की स्थिति और पीड़ित परिवारों की परेशानियों की जानकारी ली तथा उनके दुख-दर्द को सुना। इस दौरान सांसद ने बाढ़ पीड़ितों के बीच नगद राशि का वितरण कर उन्हें तत्काल राहत पहुंचाने का प्रयास किया। पप्पू यादव ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने पीड़ितों से उनकी आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
इस दौरान सांसद ने सरकार की बाढ़ राहत व्यवस्था को नाकाफी करार दिया। उन्होंने सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय पीड़ितों को तत्काल राहत और सहायता मिलनी चाहिए, लेकिन सरकारी स्तर पर अपेक्षित व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि जब तक पप्पू यादव जिंदा हैं, तब तक उन्हें पीड़ित मानवता की सेवा करने से कोई रोक नहीं सकता। अपनी जिंदगी पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की सेवा में खपा देने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि विपदा की इस घड़ी में वे लोगों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। इस मौके पर प्रेमचंद सिंह, मनोज गुप्ता, मोनू यादव, दीपक कुमार, शैलेंद्र यादव, मंटू राय समेत सैकड़ों लोग मौजूद थे।




Recent Comments