
दैनिक खोज खबर/छपरा (सारण)। नगर थाना क्षेत्र में हुए विकास तिवारी हत्याकांड के मामले में सारण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त पांच अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम द्वारा की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 27 जनवरी 2026 को नगर थाना को एक फर्दबयान प्राप्त हुआ था, जिसमें वादी ने बताया कि छपरा कचहरी रेलवे कॉलोनी के पास उनके पुत्र विकास तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थाना कांड संख्या 79/2026 दर्ज कर त्वरित अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
हत्या की इस घटना को गंभीर अपराध मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल सर्विलांस और अन्य सूचनाओं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया। अनुसंधान के क्रम में पहले ही एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। इसी कड़ी में पुलिस ने 05 फरवरी 2026 को हत्या की साजिश में शामिल दो अभियुक्तों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने विकास तिवारी हत्याकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस एवं अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। अवैध हथियार बरामदगी को लेकर नगर थाना में कांड संख्या 109/2026 दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम
(1). बिलाल आलम उर्फ छोटू, पिता– मुन्ना खान, साकिन– साढ़ा मठिया, थाना– मुफस्सिल, जिला– सारण। (2).फिरोज आलम, पिता– असर आलम, साकिन– बाजार समिति, थाना– मुफस्सिल, जिला– सारण।
(3).नितेश कुमार, पिता– नरेन्द्र राय, साकिन– छपरा कचहरी, थाना– नगर, जिला– सारण। (4).रिशु कुमार, पिता– सुजीत कुमार, साकिन– साढ़ा नेवाजी टोला, थाना– मुफस्सिल, जिला– सारण। (5).ऋतिक कुमार, पिता– परम राय, साकिन– गोपालपुर, थाना– डोरीगंज, जिला– सारण। पुलिस के अनुसार, इस पूरी कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1, नगर थाना के थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की सक्रिय भूमिका रही। सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और हत्या जैसे जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




Recent Comments