• पीड़ित ने एसपी को भेजी शिकायत

मढ़ौरा(सारण) ।
अपने पुत्र का इलाज कराकर घर लौट रहे एक युवक की पुलिस ने बेवजह हॉकी स्टिक से पिटाई कर दी । पिटाई से जख्मी युवक को स्थानीय लोगों ने रेफरल अस्पताल में पहुंचाया जहां उसका इलाज किया गया । मामले में पीड़ित युवक तेजपुरवां निवासी नंदलाल यादव ने सारण एसपी को एक लिखित शिकायत भेजी है । शिकायत में दारोगा द्वारा की गयी बेवजह की मारपीट पर आवश्यक कारवायी की गुहार लगायी है । युवक ने कहा है कि वह बाइक से अपने पुत्र का इलाज कराकर अपने घर लौट रहा था । तभी गढ़देवी चौक पर पहले से मौजूद मढ़ौरा थाना के दारोगा सुरेन्द्र कुमार ने उसकी बाइक को रुकवाया । जब वह रुककर बाइक के जरुरी कागजात को दिखाने लगा तो इसी दौरान अपने हाथ में रखे हॉकी स्टिक से दारोगा जी पिटाई करने लगे । पिटाई में उसका हाथ बुरी तरह से जख्मी हो गया । उसे आस पास के लोगों ने मदद करके अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने अपना इलाज करवाया । पीड़ित ने आरोप लगाया कि एक आम आदमी को पुलिस हॉकी स्टिक से पिटाई करे यह अधिकार पुलिस को कहा से प्राप्त है । पुलिस स्वयं गुंडे के रुप में सड़क पर व्यावहार करती हो तो आम लोगों में पुलिस के प्रति अच्छी भावना कैसे बनेगी ।