◆ कैम्प में छह हजार रुपये वसूले गए लगान, भूस्वामियों के भूमि सम्बंधित अन्य समस्याओं का भी हुआ निराकरण

तरैया, सारण। प्रखंड के पोखरेड़ा बाजार के समीप स्थित पंचायत भवन पर सोमवार को अंचल कार्यालय तरैया द्वारा भू-लगान वसूली के लिए कैम्प लगाया गया। जिसमें भूस्वामियों के लगान एवं भूमि सम्बंधित अन्य समस्याओं का निराकरण किया गया। जानकारी देते हुए उक्त हल्का के राजस्व कर्मचारी प्रेमनाथ प्रसाद ने बताया कि कैम्प के माध्यम छह हजार रुपये लगान वसूले गए। तथा इस दौरान भूस्वामियों के भूमि सम्बंधित अन्य समस्याओं का भी निराकरण किया गया। वहीं कैम्प के माध्यम से दाखिल खारिज के लिए कुल 12 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त दस्तावेजों को जांच कर जांच प्रतिवेदन अंचलाधिकारी तरैया भेजी जायेगी। अंचलाधिकारी का आदेश प्राप्त होते ही दाखिल खारिज की कार्रवाई पूर्ण कर लगान रसीद आवेदक को उपलब्ध करा दी जाएगी। आपको बता दें कि तरैया अंचलाधिकारी सुश्री अंकु गुप्ता द्वारा तरैया अंचल में लगान वसूली की धीमी-गति एवं भू-स्वामियों के लगान सम्बंधित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उनके निराकरण एवं लगान वसूली में तेजी लाने के लिए राजस्व कर्मचारियों को सभी पंचायतों में कैम्प लगाकर भू-लगान वसूलने का निर्देश जारी किया गया था। तथा इसके लिए सभी पंचायतों के मुखिया एवं सरपंच से बात कर कैम्प का सिड्यूल जारी किया गया था। सिड्यूल के अनुसार एक मार्च को पोखरेड़ा पंचायत भवन, दो मार्च को चैनपुर पंचायत भवन, तीन मार्च को तरैया पंचायत भवन, चार मार्च को डुमरी पंचायत भवन, पांच मार्च को माधोपुर पंचायत भवन, आठ मार्च को पचभिण्डा पंचायत भवन, नौ मार्च को भागवतपुर पंचायत भवन, 10 मार्च को डेवढ़ी पंचायत भवन, 12 मार्च को सरेया रत्नाकर पंचायत भवन, 15 मार्च को नारायणपुर पंचायत भवन, 16 मार्च को चंचलिया पंचायत भवन, 17 मार्च को पचरौड़ पंचायत भवन तथा 18 मार्च को भटगाई पंचायत भवन पर कैंप लगाने की तिथि निर्धारित किया गया है। मौके पर मुखिया पोखरेड़ा प्रतिनिधि ब्रजकिशोर शर्मा, राजस्व कर्मचारी प्रेमनाथ प्रसाद, डाटा ऑपरेटर सोनू कुमार सिंह, रंजीत कुमार, जितेंद्र कुमार, राहुल सिंह, रेयाजुद्दीन अहमद उर्फ मर्दे सर समेत अन्य लोग उपस्थित थे।




Recent Comments