राष्ट्रीय पुलिस अकादमी हैदराबाद में सांसद राजीव प्रताप रुडी का व्याख्यान
ロपुलिस और राजनीतिज्ञ एक दूसरे के पूरक और जनता के प्रति जवाबदेह है।

छपरा (सारण) 19 अगस्त, 2018 । छपरा में घटित आमजन से जुड़ी विभिन्न घटनाओं का हैदराबाद के राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में भारतीय पुलिस सेवा के प्रशिक्षुओं ने अध्ययन किया। तदुपरांत घटनाओं के नियंत्रण के लिए अपनाए गए तरीकों पर अपना मंतव्य दिया। जिसके माध्यम से आमजन के बीच पुलिस की बेहतरीन भूमिका अदा करने में मदद मिलेगी।

दरअसल पिछले हफ्ते सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव प्रताप रुडी हैदराबाद के राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में भारतीय पुलिस सेवा 2016 के आर आर 69 बैच के प्रोबेशनर्स के बीच ‘‘राजनीति-पुलिस इंटरफेस’’ विषय पर व्याख्यान देने पहुंचे थे। अपने व्याख्यान के दौरान श्री रुडी ने छपरा में घटित कुछ घटनाओं को जिक्र करते हुए स्थानीय पुलिस द्वारा उसे नियंत्रण करने के तरीकों पर प्रशिक्षुओं से अध्ययन कर उनका मंतव्य मांगा।

इस सत्र में बिहार के भारतीय पुलिस सेवा में चयनित 04 प्रशिक्षुओं के साथ कुल 106 प्रोबेशनर्स ने भाग लिया। एनपीए में पहली बार, श्री रुडी ने असली केस स्टडी परिदृश्य के साथ डेढ़ घंटे का एक पावर प्वाईंट प्रेजेंटेशन पेश किया और पहली बार स्लिडो एप्लिकेशन का उपयोग करते हुए प्रोबेशनर्स से प्रश्न पूछे। सभी प्रोबेशनर्स ने अपने लैपटॉप का उपयोग कर सवालों का जवाब दिया जिसके पश्चात घटनाओं पर सभी प्रतिक्रियाएं दर्ज की गई और उनका मूल्यांकन किया गया। सभी प्रशिक्षुओं ने इस प्रकार के अध्ययन को पसंद किया और व्याख्यान को रेट देते हुए उन्होंने इस सत्र को एक उत्कृष्ट सत्र माना।
श्री रुडी ने कहा कि सामुदायिक पुलिस व्यवस्था के सदियों पुराने तौर-तरीकों पर आज की परिस्थिति के अनुसार पुर्नव्याख्या कर ऐसे रास्ते ढूंढे जाने चाहिए जिसमें पुलिस जनता के करीब जा सके। उनमें विश्वास और मित्रता का भाव पैदा हो। दोनो मिलकर आम लोगों की सुरक्षा और समृद्धि के लिए काम कर सकें। इस दौरान श्री रुडी ने प्रशिक्षुओं को एक पत्रकार, नेता, अधिवक्ता और जनता के बीच सामंजस्य बैठाते हुए उनके बीच से अपने सूत्र निकालने का गुर भी बताया और कहा कि जनता के बीच से आये इस प्रकार के सुत्र कामयाब होते है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पुलिस अकादमी हैदराबाद देश के सर्वश्रेष्ठ युवाओं को दक्ष करने का एक माध्यम है, जहां देश के तमाम होनहार युवाओं के चयन उपरान्त प्रशिक्षण देकर उनकी दक्षता को निखारने का कार्य किया जाता है, ताकि वे कल राष्ट्र के शांति व समृद्धि में अपना योगदान दें। सांसद ने कहा कि पुलिस और राजनीतिज्ञ एक दूसरे के पूरक है और जनता के प्रति जवाबदेह है, जिसके लिए दोनों को पारदर्शी ढंग से ईमानदारी के साथ सच्चाई सामने लाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जन सामान्य से सामंजस्य बैठाना पुलिस के लिए चुनौती है। अपने पदस्थापन के दौरान अधिकारियों को जनता के बीच माहौल के देखकर हर स्थिति को अपने संतुलन में रखने के लिए ऐसे प्रयास करने होंगे जिससे पुलिस और आमजनता के बीच की दूरियों को मिटाया जाए।
उल्लेखनीय है कि सारण सांसद श्री रुडी पिछले 20 वर्षों से प्रतिवर्ष हैदराबाद के सरदार बल्लभ भाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, में भारतीय पुलिस सेवा के प्रशिक्षुओं को पास आउट परेड के पूर्व व्याख्यान देते है। शुक्रवार को भी श्री रुडी एक व्याख्याता की भांति हैदराबाद में भारतीय पुलिस सेवा 2016 के आर॰आर॰ 69 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के प्रशिक्षुओं के बीच व्याख्यान दे रहे थे जिन्हें प्रशिक्षण उपरान्त राज्य के विभिन्न भागों में प्रतिनियुक्त किया जायेगा।




Recent Comments