रामाश्रय हत्या कांड को लेकर परिजन से मिलने पहुचे मंत्री रामसेवक

भोरे(गोपालगंज):भोरे में हुए बड़े कारोबारी रामाश्रय सिंह की दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद उनके परिजनों से मिलने बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह सोमवार को भोरे पहुंचे. मृतक रामाश्रय सिंह के आवास पर जाकर उन्होंने उनकी पत्नी सुनीता देवी, बड़े भाई हरिनारायण सिंह और रामाश्रय सिंह के तीनों बच्चों से मुलाकात की. मुलाकात के दौरान माहौल गमगीन हो गया. मंत्री ने परिजनों को सांत्वना देते हुए जल्द ही न्याय मिलने की बात कही. समाज कल्याण मंत्री के आने की खबर मिलते ही रामाश्रय सिंह के आवास पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी. मंत्री जी ने लोगों को यह भरोसा दिलाया कि किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जायेगा. पीड़ित परिवार को निश्चित तौर पर न्याय मिलेगा. मृतक के बड़े भाई हरिनारायण सिंह ने भोरे थानाध्यक्ष की भूमिका पर सवाल खड़े किये. इसके बाद मंत्री ने डीएम को फोन लगाकर कर इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिये. साथ ही कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी शीघ्र होनी चाहिए. मंत्री रामसेवक सिंह ने कहा कि इस मामले में कोई निदरेष फंसना नहीं चाहिए और कोई दोषी बचना भी नही चाहिए.