मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण हेतु रहे सजग – डॉ. सिंह
फ़िरोज़ खान
Edited by azad nab
बारां, 14 जुलाई। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. एस.पी. सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिसमें मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण हेतु सजगता से कार्य करने एवं आमजन को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाते हुए राहत देने के संबंध में चर्चा हुई।
जिला कलक्टर डॉ. सिंह ने मिनी सचिवालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले में चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा करते हुए मॉनसून के मद्देनजर वर्षाजनित बीमारियों से बचाव हेतु पुख्ता व्यवस्था करने के संबंध में चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले में भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, राजश्री योजना की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभांवित किया जाना चाहिए। बैठक में ई-उपकरण, टोल फ्री नंबर, ऑनलाईन समस्या के बारे में प्रजेन्टेशन दिया गया साथ ही जिले में टीकाकरण कार्यक्रम के माईक्रो प्लान को भी प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर प्रत्येक माह की 9 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस पर स्वास्थ्य केन्द्रों पर गर्भवती महिलाओं को दवा, जांच, परामर्श आदि सुविधाएं देते हुए लाभान्वित करने को कहा गया। इस मौके पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्तर्गत से विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीब, वंचित व पात्र को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर वासुदेव मालावत, सीएमएचओ डॉ. बृजेश गोयल, पीएमओ डॉ. संपत राज नागर, आईईसी कार्डिनेटर जितेन्द्र यादव, ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी आदि उपस्थित थे।




Recent Comments