मोतिहारी (पू.च.) डॉ श्री कृष्ण सिन्हा महिला महाविद्यालय में कुव्यवस्था से टूटा सब्र का बांध छात्रओं ने उग्र रूप धारण कर किया तोड़-फोड़
[✍दैनिक खोज खबर मोतिहारी पुर्वी चंपारण डेस्क:] बिहार विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक पार्ट थ्री के लिए परीक्षा प्रपत्र भरने काम चल रहा है। इसके लिए कॉलेजों ने अलग-अलग तिथियां तय कर रखी हैं। समय समाप्त होता देख विद्यार्थी इस असमंजस में हैं कि आखिर उनका क्या होगा।
इसका उत्तर न तो कॉलेज के पास है और ना ही विश्वविद्यालय के पास। यहां-वहां चक्कर लगाते लगाते विद्यार्थी एवं उनके परिजन परेशान हैं। गुरुवार को महिला कॉलेज में इसी बात को लेकर मामला उग्र हो गया। दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से पहुंची छात्राओं को बताया गया कि आज फार्म भरने की आखिरी तिथि है।
ऐसे में वे कोई जोखिम नहीं लेना चाहती थीं। देर शाम तक कतार में खड़ी रहीं। अंत में प्राचार्य भी परिसर से चले गए। फॉर्म आज भरने की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, इस बात में संदेह नजर आने लगा। अब वे अपनी समस्या कहें तो किससे।
आक्रोश उबाल स्तर तक पहुंच गया और शुरू हो गई तोड़फोड़। साथ आए अभिभावकों ने भी अपना गुस्सा उपस्करों पर निकाला। चारों तरफ अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कोई सुगौली से आया था तो कोई अरेराज से। कोई मेहसी से तो कोई छौड़ादानो से।
अरेराज से अपनी पत्नी काफार्म करवाने आए पति ने बताया कि हम अपनी दूधमुंही बच्ची को छोडकर आए हैं। वह रो रही है। यहां अब तक अनिश्चितता की स्थिति है। वहीं सुगौली से आई छात्रा ने बताया कि हम घर कैसे जाएं,यह भी समस्या है। कुल मिलाकर स्थिति असहनीय हो गई।

कॉलेज परिसर में पहुंची छतौनी थाने की पुलिस ने किसी तरह छात्राओं को समझा-बुझाकर वापस भेजा। उन्हें इस बात का भरोसा दिलाया गया कि उनका फार्म कल निश्चित रूप से भरा जाएगा। पूरे प्रकरण ने कॉलेज एवं विश्वविद्यालय की व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है।