नासरीगंज(रोहतास)। नगर के मंगलबाजार स्थित मॉडर्न इंग्लिश स्कूल के निदेशक सुभाष कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं का दल रोहतास जिले के इन्द्रपुरी डैम, मां ताराचंडी धाम, शेरशाह का मकबरा व पायलट बाबा समेत कई ऐतिहासिक महत्व के धरोहरों से रूबरू होंगे। परिभ्रमण दल को सीओ अमित कुमार व निदेशक सुभाष कुमार कुशवाहा ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस मौके पर अपने संबोधन में सीओ ने कहा कि शैक्षणिक परिभ्रमण विद्यालयी पाठयक्रम का अहम हिस्सा है। इससे छात्र-छात्राओं को ऐतिहासिक महत्व के स्थानों व वहां अवस्थित धरोहरों से रूबरू होने का मौका मिलता है। परिभ्रमण दल छात्र-छात्राओं के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसके शुरू होने से छात्र-छात्राओं को बिहार की ऐतिहासिक महत्व की बहुत सी जानकारी सहज रूप से उपलब्ध कराई जा रही है। निदेशक सुभाष कुमार ने कहा कि विद्यालय के लगभग 50 छात्र-छात्राओं का दल परिभ्रमण दल के रवाना हुआ। परिभ्रमण से बच्चे अपने जिले में ऐतिहासिक धरोहरों से रूबरू होंगे। इस परिभ्रमण दल में प्रधानाध्यापक हरिवंश उपाध्याय, शिक्षक राजेश कुमार, निकेतन कुमार, कमलेश कुमार, गजाला शाहिन, प्रियंका कुमारी, श्वेता कुमारी, सफाईकर्मी ममता देवी आदि शामिल थे।