
-राशन, भोजन, साबुन, सेनीटाईजर व मास्क आदि का वितरण कर कोरोना से बचाव हेतु कर रहे जागरूक
एकमा/मांझी (सारण)। कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच मांझी में संचालित सोशल मीडिया व्हाट्सएप ग्रुप “अनुभव जिंदगी के” के विभिन्न इलाकों में रहने वाले सक्रिय सदस्यों द्वारा प्रखंड क्षेत्र के जरुरतमंदों सहित परदेस से घर लौट रहे राहगीरों को खाना, पानी, दवा, मास्क आदि का वितरण कर लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं। जिसकी सराहना की जा रही है।
इसी क्रम में लॉकडाउन के दौरान पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में ग्रुप के सदस्य फिरोज अहमद के साथ छोटेलाल सोनी भी खाद्य सामग्री का वितरण कर रहे हैं। वहीं पूर्व जिप सदस्य पंकज सिंह के पुत्र अंकित कुमार द्वारा मांझी प्रखंड क्षेत्र के गांवों में मास्क व सेनेटाइजर आदि का वितरण किया गया।
इस बीच मांझी के बलिया मोड़ पर दुर्गापुर निवासी ग्रुप के सदस्यों ने मंगलवार को अप्रवासियों के बीच खिचड़ी के वितरण के साथ पेयजल का वितरण किया। वहीं गुर्दाहाँ में शिक्षक खुर्शीद अहमद, गोबरहीं में मुखिया उपेन्द्र सिंह, मांझी उत्तर टोला में समाजसेवी कृष्णा सिंह पहलवान आदि ने खाद्य सामग्री, साबुन, सेनीटाइजर व मास्क आदि का वितरण किया।
इसी तरह से ग्रुप के सक्रिय साथी आबिद रजा खां सहित ग्रुप में शामिल दर्जनों पदाधिकारी, शिक्षकों, पत्रकारों व कर्मियों आदि के द्वारा भी लगातार जरूरत मंदों का सहयोग किया जा रहा है। कोरोना संक्रमण की विपरीत परिस्थिति में सोशल डिस्टैंसिंग का पालन करते हुए सदस्य अपनी जान जोखिम में डालकर भी लोगों व प्रशासन का सहयोग करने में लगे हैं। प्रखंड के टेघरा गांव निवासी शिक्षाविद प्रो. राजगृह सिंह, साधपुर निवासी डॉ. सत्यदेव प्रसाद यादव, नचाप गांव निवासी प्रो. अजीत कुमार सिंह, भजौना-नचाप पंचायत के मुखिया प्रमेंद्र कुमार सिंह उर्फ मनीष सिंह, डीलर मदन गोपाल सिंह आदि ने मांझी के इस सोशल मीडिया ग्रुप के सदस्यों द्वारा जनहित में किए जा रहे परमार्थ के कार्यों को सराहनीय बताया है।




Recent Comments