मांझी में नामांकन के तीसरे व अंतिम दिन पैक्स अध्यक्ष पद के लिए 36 अभ्यर्थियों ने नामजदगी का पर्चा दाखिल किया
मांझी(सारण)। मांझी में पैक्स चुनाव हेतु नामांकन को लेकर तीसरे व अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ अभ्यर्थी प्रखंड मुख्यालय पहुंचे व अपने नामजदगी के पर्चे दाखिल किये।
निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखण्ड विकास पदाधिकारी नील कमल ने बताया कि बुधवार को पैक्स अध्यक्ष पद के लिए 36 व सदस्य के लिए 158 लोगों ने अपने नामांकन के पर्चे भरे। घोरहट पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए राजीव कुमार उर्फ गुड्डू सिंह गोबरही से पत्रकार बीरेश सिंह, मांझी पश्चिमी से पुष्पा देवी डुमरी से हीरालाल यादव व जितेंद्र यादव, मांझी पूर्वी से पानपती देवी व विनय कुमार पंडित, भलुआं बुजुर्ग से ओंकार नाथ दुबे, मटियार से रिंकु देवी, सोनबरसा से अशोक यादव, लेजुआर से राज किशोर सिंह, मरहां से रमेश यादव आदि ने नामांकन के पर्चे दाखिल किये।
बुधवार को भी प्रखण्ड मुख्यालय पर अच्छी खासी चहल-पहल रही। नामांकन के बाद समर्थकों ने अपने चहेते प्रत्याशियों को अबीर लगा कर व माला पहना कर उनके समर्थन में नारे लगाये।
नामांकन के अंतिम दिन गोबरही पैक्स से अध्यक्ष पद के प्रत्यासी द्वय बीरेश सिंह व पिंकी देवी ने शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से नामांकन सम्पन्न कराने तथा पर्यावरण की सुरक्षा का संदेश देने के उद्देश्य से बीडीओ नील कमल को उनके कार्यालय पहुंचकर एक-एक पौधा भेंट किया। मौके पर अनेक प्रत्यासी व गणमान्य लोग मौजूद थे। बीडीओ ने इसे अनुपम भेंट की संज्ञा दी।




Recent Comments