मांझी(सारण)। मांझी थाना पुलिस ने एक पखवारे के अंदर दूसरी बार एक देशी कट्टा तथा दो जिंदा कारतूस के साथ एक अपराधकर्मी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक गौरी गांव निवासी गौतम यादव का पुत्र मंतोष कुमार बताया जाता है जबकि उसका भाई आदित्य कुमार उर्फ मिथुन भागने में सफल रहा। थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा ने बताया की सूचना मिली थी कि गौरी गांव में देसी कट्टे के साथ दो लड़के अपराध की योजना बना रहे है। सूचना के आधार पर एएसआई संतोष कुमार जिला शस्त्र बल के जवानों के साथ पहुंचकर घर की तलाशी लेना शुरू किया। तलाशी के दौरान चारपाई के नीचे तकिए में छुपाकर रखे गए एक कट्टा समेत दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया। छापेमारी के दौरान घर के बगल में बनी पलानी में छिपाकर रखा एक जनरेटर भी पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने जनरेटर को भी जब्त कर लिया। प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार अपराधी से पुलिस पूछताछ कर रही है।