बम फटने से किशोर जख्मी, चार जिंदा बम बरामद।
हाजीपुर(वैशाली)। सदर थाना क्षेत्र के पूरवा गांव में शुक्रवार की शाम खेलने के दौरान बम विस्फोट कर जाने के कारण एक बालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद तत्काल बालक को परिजनों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। इस घटना की सूचना पर पहुंची सदर थाना की पुलिस ने उक्त स्थल से चार जिंदा बम बरामद क उन्हें निष्क्रिय कर दिया। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के पूर्वा गांव के आठ-दस बच्चे गांव में स्थित केला बागान के निकट खाली मैदान में शुक्रवार की शाम खेल रहे थे। मैदान के निकट ही बालू रखा था। बालू के ढेर में बम छुपाकर रखा गया था। खेलने के दौरान कुछ बालक बालू पर चले गए तो उनकी नजर बम पर गई। बालकों ने समझा कि यह गेंद है। उसके बाद अखिलेश पंडित का पांच वर्षीय पुत्र नीतीश कुमार ने उसे ले लिया और गेंद समझ कर जैसे ही उसे पटका कि वह विस्फोट कर गया। इस घटना में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बम विस्फोट होते ही गांव में हड़कंप मच गया तथा सभी लोग भागे-भागे केला बागान के पास पहुंचे जहां बच्चे खेल रहे थे। बम से जख्मी बालक को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में लाया गया जहां उसका इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना पाकर मौके पर सदर थाना की पुलिस पहुंच गई तथा उक्त बालू के ढेर की जांच की तो उसमें से और चार जिंदा बम बरामद किए गए। पुलिस ने सभी बमों को निष्क्रिय कर दिया तथा उन्हें थाना पर ले आयी। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में पूछे जाने पर ग्रामीणों ने बताया कि केला बागान के निकट ही एक विवादित जमीन है। इस जमीन को लेकर दो पक्ष पूर्व में भी आपस में उलझ चुके हैं तथा मामला न्यायालय में चल रहा है। इस जमीन पर दोनों पक्ष पुन: निर्माण की तैयारी में लगे हुए थे तथा दोनों तरफ से तनातनी का माहौल बना हुआ था। संभव है इसी संभावित झगड़े को लेकर किसी पक्ष ने बम को छुपाकर इस स्थान पर रखा था ताकि समय पर इसका इस्तेमाल किया जा सके।