महादेवा ओपी थानाध्यक्ष को बंधक बनाकर गिरफ्तार वारंटी को जबरन छुड़ाया

◆वारंटी को गिरफ्तार करने गयी थी पुलिस
◆गिरफ्तार वारंटी को जबरन छुड़ाया, प्राथमिकी दर्ज

परवेज अख्तर/सीवान. वारंटी को गिरफ्तार करने गयी पुलिस कर्मियों को परिजनों ने बंधक बनाकर पिटाई कर दिया. साथ ही गिरफ्तार वारंटी को पुलिसकर्मी से जबरन छुड़ा लिया. घटना के दौरान पुलिस कर्मी किसी तरह जान बचाकर भागे. बाद में इसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को दी. वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर पुलिस ने तीन के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि महादेवा ओपी थाना के नई बस्ती मुहल्ला निवासी मनोज कुमार के विरुद्ध सीवान न्यायालय के टीआर 58/13 व जीआर 3134/15 संख्या में गिरफ्तारी का वारंट जारी हुआ था. वह वर्षों से फरार चल रहा था. वारंटी के घर पर रहने की सूचना जैसे ही महादेवा ओपी थानाध्यक्ष शशि भूषण मिश्र को मिली, वे दलबल के साथ गिरफ्तार करने उसके घर बुधवार की रात्रि पहुंच गये.
पुलिस टीम ने मनोज की गिरफ्तारी कर जैसे ही वाहन में बैठाने की कोशिश की, परिजन आग बबूला हो गये. तथा थानाध्यक्ष सहित सभी पुलिस कर्मियों को बरामदे में बंधक बना लिया. इस दौरान थानाध्यक्ष से परिजनों ने हाथापाई भी किया. परिजन गिरफ्तार वारंटी को पुलिस ने जबरन छुड़ा लिया. परिजनों का आक्रोश देख थानाध्यक्ष शशि भूषण मिश्र समेत सभी पुलिसकर्मी वहां से भाग खड़े हुए. मामले में थानाध्यक्ष शशि भूषण मिश्र के फर्द बयान पर मुफस्सिल थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दर्ज प्राथमिकी में मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा डालने का जिक्र किया गया है. प्राथमिकी में नई बस्ती मुहल्ला निवासी रामचंद्र यादव के तीन पुत्र मनोज कुमार, मुकेश कुमार तथा कमलेश कुमार को आरोपित किया है.
इस संबंध में थानाध्यक्ष शशि भूषण मिश्र ने बताया कि समकालीन अभियान के तहत वारंटी मनोज कुमार को गिरफ्तार करने पहुंचे थे. वारंटी को गिरफ्तारी के बाद परिजनों ने मेरे साथ मारपीट करते हुए जबरन छुड़ा लिया. उन्होंने बताया कि मामले में तीन के विरूद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है.