दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा(सारण)। स्थानीय प्रखंड की रामपुर और नरहरपुर पंचायतों में मंगलवार को विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें आम लोगों की दर्जनों शिकायतों का निष्पादन किया गया। शिविर का निरीक्षण करने पहुंचीं मढ़ौरा एसडीएम निधि राज ने बताया कि रामपुर में पूर्व से पंजीकृत 43 और नरहरपुर में 56 आवेदनों पर विभागीय अधिकारियों ने गहनता से विचार कर उनका समाधान किया। शिविर में वर्तमान में आ रहे नए आवेदनों को भी पंजीकृत किया जा रहा है, जिनका जांच के बाद निपटारा होगा।

एसडीएम ने बताया कि शिविर में मुख्य रूप से भूमि विवाद, राशन, वृद्धावस्था पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और श्रम विभाग से जुड़े मामले रहे। जानकारी के अभाव में भटक रहे ग्रामीणों को अधिकारियों द्वारा सही मार्गदर्शन और योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान रामपुर शिविर में 25 योग्य लाभुकों के बीच नए राशन कार्ड का भी वितरण किया गया।

दिव्यांग पोते को लेकर पहुंची वृद्ध महिला की सुनी पीड़ा
नरहरपुर पंचायत भवन में आयोजित शिविर के दौरान एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। स्थानीय गांव निवासी शिव बचन बिन की पत्नी बासमती देवी अपनी विधवा पतोह सुनीता देवी और दिव्यांग पोते के साथ फरियाद लेकर पहुंची थीं। वर्षों से वृद्धा पेंशन और आवास योजना से वंचित इस वृद्ध महिला को देखकर एसडीएम निधि राज ने खुद उन्हें मंच पर बुलाया। एसडीएम ने उनकी पूरी पीड़ा को संवेदनशीलता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को शीघ्र ही सभी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। इस अवसर पर डीएसपी सविंदर कुमार दास, सीओ अंबपाली यादव, बीडीओ अभिषेक कुमार प्रभाकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।