
दैनिक खोज खबर/छपरा। छपरा विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक छोटी कुमारी ने मंगलवार को सिताबदियारा स्थित प्रभावती देवी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, ओपीडी, डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पंजी और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
विधायक ने विशेष रूप से दवा भंडार की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि गरीब व जरूरतमंद मरीजों को सभी जरूरी दवाएं अस्पताल के अंदर से ही मिलनी चाहिए, उन्हें बाहर से दवा न खरीदनी पड़े। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। सभी चिकित्सक व कर्मी निर्धारित ड्रेस में अपनी ड्यूटी पर तैनात मिले, जिसकी विधायक ने सराहना की।
इसके बाद विधायक ने अस्पताल परिसर में बन रहे नए 100 बेड के भवन तथा आवासीय परिसर के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को काम की गुणवत्ता बनाए रखते हुए इसे समय पर पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था को पारदर्शी और सुलभ बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौके पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश प्रसाद, मुखिया संघ अध्यक्ष अजीत सिंह, जिला महामंत्री धर्मेंद्र कुमार साह, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, सुनील सिंह, अनुरंजन कुमार और भोला सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।




Recent Comments