शिविर में एसडीएम सैयद आदिल मोहसिन समेत अन्य

मढ़ौरा(सारण)। प्रखंड की शिल्हौरी पंचायत स्थित टेहटी पंचायत सरकार भवन और नगर पंचायत के वार्ड-11 स्थित प्राथमिक विद्यालय रहीमपुर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इन शिविरों में स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करने का प्रयास किया गया। टेहटी पंचायत सरकार भवन में लगे शिविर में कुल 90 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 8 का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष 82 लंबित आवेदनों की सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका समाधान किया जाएगा। यहां सबसे अधिक आवेदन खाद्य सुरक्षा से जुड़े राशन कार्ड के लिए आए, जबकि अन्य आवेदन आवास, बिजली, भू-राजस्व और मनरेगा से जुड़े थे. मौके पर एसडीएम सैयद आदिल मोहसिन ने शिविर का निरीक्षण कर जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए। बीडीओ अभिषेक कुमार प्रभाकर, सीओ कृष्ण कुमार सौरभ और राजस्व पदाधिकारी सुनील कुमार ने भी कार्य प्रगति की समीक्षा की। जबकि स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि विनय सिंह ने शिविर संचालन के सराहनीय सहयोग किया। वहीं नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड-11 में आयोजित दूसरे शिविर में नल-जल, बिजली और सड़क से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गई। मौके पर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद रूबी सिंह, उप मुख्य पार्षद धीरज कुमार और अन्य कार्यालय कर्मी मौजूद रहे, जिन्होंने लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।