
मढ़ौरा(सारण )। नगर के पकहां वार्ड संख्या-6 में एक विवाहिता की संदेहास्पद मौत हो गई। मृतका सुखदेव राय की 27 वर्षीय पत्नी सुगांति देवी बताई गई है। बताया गया कि महिला की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी । उसे शादी के बाद एक तीन साल का पुत्र और एक डेढ़ साल की पुत्री थी । ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व से पति पत्नी के वीच विवाद चल रहा था इसको लेकर महिला इधर कुछ दिनों से तनाव में थी। सूचना पर पहुंची मढ़ौरा थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। थाना अध्यक्ष इस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि उन्हे एक महिला की संदेहास्पद स्थिति में मौत की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है। महिला की मौत किन कारणों से हुई है पुलिस इसकी जांच कर रही है। फिलहाल मामले में मृतक की तरफ से ससुराल या मायका किसी पक्ष ने कोई आवेदन नही दिया गया है। थाना अध्यक्ष ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कराया जाता है तो पुलिस उसके आलोक में भी अपनी कार्रवाई शुरु करेगी। महिला की हुई मौत को लेकर ग्रामीणों में चर्चा तेज थी हालांकि स्पष्ट रुप से कोई भी कुछ कहने से बचता रहा।




Recent Comments