तीन दशक से प्रतीक्षित व्यवहार न्यायालय क्रियाशील हो जानें से लोगों को होगी सहूलियत

दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा(सारण)। 25अगस्त 2024 शनिवार को अनुमंडल व्यवहार न्यायलय का उद्घाटन भव्य समारोह में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि पटना हाईकोर्ट के माननीय न्यायमूर्ति अनिल कुमार सिंहा, निरीक्षी न्यायाधीश न्यायमूर्ति पार्थ सारथी ने जिला व सत्र न्यायाधीश पुनित कुमार गर्ग, सारण डीएम अमन समीर, एसपी डॉ. कुमार आशीष की मौजूदगी में फीता काटकर व्यवहार न्यायालय का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन को लेकर अनुमंडल कार्यालय परिसर में समारोह का माहौल रहा। सुरक्षा इंतजाम व विधि व्यवस्था लेकर व्याप्त पुलिस बल जगह जगह पर मौजूद थी। उद्घाटन के लिए पहुंचें मुख्य व विशिष्ट अतिथि न्यायमूर्ति का अनुमंडल प्रशासन की तरफ से उनका पुष्प गुच्छ व अंग वस्त्र से स्वागत किया गया। वही पुलिस के द्वारा मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अनुमंडल कार्यालय परिसर में व्यवहार न्यायालय भवन के पास आयोजित उद्घाटन समारोह में जिला जज एवं उनके समस्त न्याययिक पदाधिकारी व अधिवक्ता गण, गणमान्य उपस्थित थे। मालूम हो कि मढ़ौरा अनुमंडल की स्थापना 1अप्रैल 1991 को हुई थी। तब से तीन दशक बीत जाने के बाद अब मढ़ौरा में अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय की शुरुआत हो रही हैं। इसके पहले से सारण जिले के प्रथम अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय सोनपुर में क्रियाशील है, जबकि सोनपुर और मढ़ौरा अनुमंडल की स्थापना साथ ही 1 अप्रैल 1991 को दोनों जगहों पर हुई थीं और तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने उद्घाटन के मौक़े पर कहा था कि जल्द ही अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय भी प्रारम्भ होगा। देर ही सही लेकिन अब तीन दशक से प्रतीक्षित अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय क्रियाशील हो जानें से मढ़ौरा अनुमंडल के छह प्रखंडों मढ़ौरा, अमनौर, तरैया, इसुआपुर, मशरक और पानापुर प्रखंड के लोगों को दीवानी मुकदमों का निपटान स्थानीय अनुमंडल व्यवहार न्यायालय में हो जायेगा।

दीवानी मुकदमों की होगी सुनवाई :

अनुमंडल व्यवहार न्यायालय के संचालन के लिए दो न्यायाधीश की प्रतिनियुक्ति की गई है । न्यायालय कार्य के संचालन के लिए अवर न्यायाधीश के रूप में प्रदीप चंद्र और मुंसिफ न्यायधीश के रूप में बादल कुमार गुप्ता को पदस्थापित किया गया है। व्यावहार न्यायालय के उद्घाटन के बाद अनुमंडल के सभी छह प्रखंड के दिवानी मुकदमों की सुनवाई शुरु हो जाएगी। छपरा जिला सत्र न्यायालय स्थापना के 125वें वर्ष पर मढ़ौरा अनुमंडल व्यवहार न्यायालय का उद्घाटन किया गया है। मढ़ौरा में व्यवहार न्यायालय के संचालन के लिए छपरा जिला व सत्र न्यायाधीश पुनित कुमार गर्ग का लगातार प्रयास बना हुआ था।