
मढ़ौरा (सारण)। अभियान के तहत मढ़ौरा प्रखंड के रामपुर पंचायत में लगभग 50 की संख्या में घोड़परास को शूट आउट किया गया। गुरुवार को वन विभाग से आए शूटरों ने अभियान चला कर रामपुर गांव के बाधार में आसपास के खेत खलिहानों, बाग–बगीचों में घोड़परासों को एक एक कर शूट आउट करना शुरू किया, घंटो चले अभियान में लगभग 50 की संख्या में घोड़परास मार गिराए गए। पूर्व निर्धारित अभियान को लेकर किसानों में काफी उत्सुकता थी और अभियान शुरू हुआ तो स्थानीय जनप्रतिनिधि समेत कई किसान भी उपस्थित थे। मौके पर स्थानीय मुखिया अमरेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व में इस करवाई को लेकर जिलाधिकारी को आवेदन दिया गया था। बता दें कि सारण जिले में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे घोड़परास और जंगली सूअरों के आतंक से राहत दिलाने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राज्य सरकार के निर्देश पर हैदराबाद वन विभाग से आए मशहूर शूटर नवाब शफात अली खान इस अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। पिछले पांच दिनों से लगातार चल रहे इस अभियान के दौरान अब तक 350 से अधिक घोड़परासों को शूट आउट किया जा चुका है।





Recent Comments