
मढ़ौरा । ईद पर्व को लेकर अनुमंडल प्रशासन ने अनुमंडल क्षेत्र के 67 स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है । अनुमंडल पदाधिकारी योगेंद्र कुमार, डीएसपी नरेश पासवान के हस्ताक्षर से निकाले गए आदेश पत्र में यह कहा गया है कि ईद में ईदगाह के निकट मेला लगाए जाने की परंपरा रही है । अतः ऐसे सभी ईदगाह जहां मस्जिद और मंदिर समीप हो तथा जहां हिंदू मुस्लिम की मिश्रित आबादी हो वहां पर्याप्त सतर्कता अपेक्षित है । असामाजिक तत्वों के द्वारा ऐसे अवसरों के आड़ में लोगों की सांप्रदायिक भावनाओं को भड़का कर निजी लाभ लेने की कोशिश की जा सकती है। प्राय छोटी-छोटी विवादों को लेकर दोनों संप्रदाय आमने सामने आ जाते हैं । जिससे अनावश्यक संप्रदायिक तनाव उत्पन्न होता है । इस तरह के विवादों को रोकने के लिए संबंधित प्रखंड के बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष जरूरी सतर्कता और निगाह रखेंगे । प्राय बैंड बाजा या अन्लय उपकरण के मस्जिद के पास से गुजरने पर मुस्लिम संप्रदाय के द्वारा विरोध किया जाता है । जिससे झगड़ा उत्पन्न होता है । इस परिपेक्ष में भी सतर्कता बरतने की जरूरत है । अनुमंडल प्रशासन के द्वारा अनुमंडल कार्यालय में एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है जो पूरे 24 घंटे तक क्रियाशील रहेगा नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06159 – 299938 जारी किया गया है ।




Recent Comments