पटना,09 फरवरी 2021 । बिहार मंत्रिमंडल विस्तार में ऊर्जावानों और अनुभवियों का तालमेल साफ दिख रहा है। इस संतुलित मंत्रिमंडल में सामाजिक ताना-बाना और राजनीतिक दूरदर्शिता का पूरा ख्याल रखा गया है। विश्वास है कि राज्य की प्रगति में सभी का और महत्वपूर्ण योगदान होगा। बिहार की राजग सरकार के मंत्रिपरिषद विस्तार में मंत्री पद की शपथ लेने वाले सभी नये मंत्रियों को अपनी बधाई देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह सांसद राजीव प्रताप रुडी ने ने उक्त बातें कही। राजभवन में शपथग्रहन समारोह में उपस्थित रुडी ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि मंत्रिमंडल में राज्य के सभी दिशाओं के जन प्रतिनिधि को सहभागिता दी गई है। एक तरफ नालंदा, सहरसा और मिथिलांचल से सहभागिता मिली है तो दूसरी तरफ सुदूर झारखंड सीमा के विधानसभा क्षेत्र चकाई के जन प्रतिनिधि सुमित सिंह को भी शामिल किया गया है। इसी तरह पूरब में उत्तर प्रदेश की सीमा से झारखंड तक की सीमा के जन प्रतिनिधियों को मंत्रिमंडल में मौका दिया गया है।
रुडी ने कहा कि मंत्रिमंडल के नये विस्तार में ऊर्जावान और अनुभवी सदस्यों का तालमेल है। एक तरफ शाहनवाज हुसैन है जिनके अनुभव का सानी नहीं है। वे केंद्र में भी कई विभागों के मंत्री रह चुके है और देश विदेश में काम करने का उनका अनुभव है। उनके नेतृत्व में राज्य का औद्योगिक क्षेत्र में और ज्यादा प्रगति होगी और देश-विदेश की संभावनाओं को भी बिहार से जोडेंगे। उनके अनुभव का लाभ बिहारवासियों को प्राप्त होगा। वहीं दूसरी तरफ नितिन नवीन, नीरज कुमार बबलू जैसे ऊर्जावान युवा भी है। उन्होंने कहा कि सारण प्रमंडल से सुभाष सिंह, सुनील कुमार और जनक राम को मंत्रिपरिषद में स्थान मिला है। सांसद ने आशा व्यक्त की कि पहले की अपेक्षा इन सदस्यों का क्षेत्र के विकास में और अधिक सहभागिता होगी जिसका लाभ सारण प्रमंडल की जनता को मिलेगा।