
– विरोध करने पुलिस ने भांजी लाठी, आधा दर्जन को आयी चोटे
परवेज अख्तर/सिवान;
गोरेयाकोठी. हाईकोर्ट के आदेश पर प्रखंड मुख्यालय बाजार की जमीन पर पिछले करीब 70 सालों से कब्जा जमाए आठ दुकानदारों को सोमवार की अहले सुबह प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त करा लिया. इससे पूर्व 2013 में भी इस जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का प्रशासनिक प्रयास विफल रहा था. जिसके पीछे राजनीतिक नूरा कुश्ती ही जिम्मेदार रही.
हाल ही में प्रशासन ने हाईकोर्ट का आदेश आने के बाद दुकानदारों को जमीन खाली करने का निर्देश दिया थ. लेकिन दुकानदारों ने ऐसा नहीं कर हाईकोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल कर रोजी-रोटी के सवाल को आधार बनाया. इसमें भी दुकानदारों को कोई राहत नहीं मिली. परिणाम यह हुआ कि प्रशासन के समक्ष इस जमीन को हर हाल में अतिक्रमणमुक्त कराने की चुनौती सामने आ गई. प्रशासन की बातों पर गौर करें तो अतिक्रमण अभियान सितंबर में ही संपन्न होना था. लेकिन अतिवृष्टि के कारण इसपर रोक लग गया था. उसके बाद दशहरा फिर दीपावली और छठ के त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने बहुत ही चुनिंदा समय छठ बीतने के बाद का चुना और आधी रात को ही आठ थानों की पुलिस ने गोरेयाकोठी के चारों मुख्य मार्गों को घेर लिया और जब तक लोग सोकर उठे तब तक अतिक्रमण हटाओ अभियान का 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका था. इस बीच एक दुकानदार जिसका नाम शत्रुघ्न बताया जाता है वह अपने दुकान की बेंच पर सो गया और पुलिस प्रशासन के हटाने के बावजूद भी हटने को तैयार नहीं हो रहा था. जिसे बल प्रयोग करके पुलिस को हटाना पड़ा. इस कारण उसे चोट भी लगी है. अन्य दुकानदारों ने हाईकोर्ट के आदेश के पालन में प्रशासन के कहने पर दुकान छोड़कर चले गए।
इससे पूर्व 2013 में अतिक्रमण हटाने के दौरान महाराजगंज एसडीपीओ महेंद्र कुमार बसंत्री, अंचलाधिकारी इंद्राणी, थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश की टीम सफल नहीं हो पाई थी, इस बार प्रशासन ने कोई गलती नहीं की. पहले से इस बात की कोई भनक भी नहीं लगी एसडीपीओ महाराजगंज के नेतृत्व में महाराजगंज एसडीओ डीसीएलआर, गोरयाकोठी, जामो, बसंतपुर, महाराजगंज, दरौंदा थाने की पुलिस अहले सुबह गोरेयाकोठी अंचल में पहुंच चुकी थी.
दूसरी ओर अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत हटाई गई 8 दुकानों के संचालकों ने इसके लिए गोरेयाकोठी की राजनीतिक पेंच को जिम्मेदार ठहराया है. उनका कहना है कि इस गांव के नेताओं ने ही इसे अंजाम दिलाया है जबकि यह हाईकोर्ट के आदेश पर प्रशासन ने पूर्ण किया है.
इस संबंध में थानाध्यक्ष रविकांत दूबे ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाया गया है. अतिक्रमण हटाने के दौरान जेसीबी के आगे एक दुकानदार लेट गया और विरोध करने लगा. जिसे हटाने के हल्का बल प्रयोग किया गया. पुलिस द्वारा कोई लाठीचार्ज नहीं किया गया.
—————–




Recent Comments