मांझी/सारण। मांझी थाना क्षेत्र के चकिया गांव में भूमि विवाद को लेकर मंगलवार को दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान चाकू लगने से एक युवक गम्भीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक चकिया गांव निवासी तूफानी राय का पुत्र ब्रजेश कुमार बताया जाता है। मारपीट के दौरान कुछ देर के लिए भगदड़ की स्थिति बनी रही। बाद में जख्मी युवक को ग्रामीणों ने इलाज के लिए मांझी पीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने उसे चिंताजनक स्थिति में छपरा रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाते ही थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए तथा घटना की छानबीन शुरू कर दी।