भूमि विवाद को लेकर गोलीबारी मे महिला की मौत
* मृत महिला के परिजनो ने अपराधियो की गिरफ्तारी को लेकर घंटो देर तक किया प्रदर्शन

विनोद मिश्रा
गोपालगंज:– जिले के भोरे थाना क्षेत्र के भगवानपुर में जमीन पर कब्जा को लेकर अपराधियों द्वारा की गयी गोलीबारी में घायल महिला की मौत हो गयी। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।वहीं ग्रामीणों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर काफी आक्रोश व्याप्त है । हालात को देखते हुए गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है । उधर, महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।पुलिस ने इस मामले में मदरवानी से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दिया है । घटनास्थल से पुलिस एक खोखा और खून के धब्बे मिले हैं।
* तीन दर्जन हथियारबंद अपराधियों ने किया था हमला
रविवार की देर शाम जमीन पर कब्जा करने की नीयत से अचानक लगभग तीन दर्जन अपराधी भगवानपुर गांव में घुस गये।हथियार से लैस अपराधियों ने सबसे पहले रामचंद्र राजभर की बथान में स्थित एक पलानी में आग लगा दी। उसके बाद अपराधी उनके घर घुस कर मारपीट करने लगे। अचानक हुए इस हमले से पूरे गांव में अफरा तफरी मच गयी। गांव के लोग अपराधियों को खदेड़ने के लिए जम होने लगे । ग्रामीणों को करीब आते देख अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी । इसी दौरान अपराधियों ने रामचंद्र राजभर के छोटे पुत्र राकेश राजभर को घर से उसकी हत्या करने की नीयत से लेकर जाने लगे। राकेश को ले जाता देख वहां मौजूूद कृष्णावती अपराधियों से उलझ गयी और राकेश को उनके चुंगल से छुड़ा लिया। कृष्णावती की हिम्मत को देख अन्य ग्रामीण भी अपराधियों की ओर बढ़ने लगे । इतने मे अपराधियों ने कृष्णावती को गोली मार दी। गोली मारने के बाद अपराधी कृष्णावती को भी उठा कर ले जाने का प्रयाय किये। लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण अपराधी वहां से भाग निकले।अपराधियों के इस हमले में पांच और लोग भी घायल हो गये । कृष्णावती के साथ साथ अन्य घायलों को भी ग्रामीणों ने भोरे रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने कृष्णावती गंभीर स्थिति को देखते हुए गोपालगंज रेफर कर दिया। रास्ते में ही कृष्णावती की मौत हो गयी। गोपालगंज में कृष्णावती को पोस्टमार्टम सोमवार को कराया गया।
* पांच जुलाई को भी अपराधियों ने किया था हमला
जमीन पर कब्जा करने की कोशिश पांच जुलाई को भी की गयी थी। जिस जमीन के लिए कृष्णावती की जान ले ली गयी।उसी जमीन पर कब्जा करने अपराधी पांच जुलाई को भी पहुंचे थे।अपराधियों को देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी । सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस को देखते ही अपराधी वहां से फरार हो गये। लेकिन एक अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जिसकी पहचान फुलवरिया थाना क्षेत्र के मदरवानी निवासी नंद जी चौधरी के रूप में की गयी थी। उसके पास से पुलिस ने नौ जिंदा कारतूस एवं एक मारूति वैन भी बरामद किया था। इस मामले को लेकर एएसआई संजय कुमार सिंह के बयान पर कांड संख्या 220/18 दर्ज किया गया था। फिलहाल यह मामला अनुसंधान में है।
* नहीं की गयी दंडात्मक कार्रवाई
पांच जुलाई को जमीन पर कब्जा की कोशिश और केस दर्ज करने के बाद भी भोरे पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।विवादित जमीन के मामले में पुलिस दप्रस 144 और 107 की धारा के तहत कार्रवाई कर सकती थी। जिससे किसी भी पक्ष द्वारा जमीन पर कब्जा की कोशिश नहीं की जाती। पुलिस के पास एक रिकॉर्ड होता, जिससे पुलिस आसानी से अपराधियों तक पहुंच जाती । लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं किया जाता । मृत महिला कृष्णावती के परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि शुक्रवार को केस के अनुसंधानकर्ता को यह जानकारी दी गयी थी कि गांव में अपराधियों की सरगर्मी बढ़ रही है।अपराधी किसी भी घटना को अंजाम दे सकते है।परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी वजह से महिला की गई जान।




Recent Comments