बैकुंठपुर के दिघवा दुबौली में बैलगाड़ी से प्रदर्शन करते विधायक प्रेमशंकर प्रसाद
पेट्रोलियम पदार्थों के अलावे अन्य सामग्रियों पर बढ़ती महंगाई के खिलाफ राष्ट्रीय जनता दल के आह्वान पर स्थानीय विधायक प्रेम शंकर प्रसाद यादव के नेतृत्व में रविवार को बैकुंठपुर में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार व राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायक ने खुद बैलगाड़ी चला कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रखंड मुख्यालय के ब्लॉक मोड़ से बैल गाड़ियों के काफिला पर बैठे राजद कार्यकर्ता ब्लॉक रोड, स्टेशन रोड, खादी भंडार रोड, तथा डाकबंगला रोड में गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल के साथ प्रदर्शन किए। प्रदर्शन के दौरान विधायक ने कहा कि डीजल की कीमत शतक लगाने के कगार पर पहुंच गई है। जिससे किसानों को खेती-बारी में परेशानी हो रही है। पेट्रोल की कीमत बढ़ने की वजह से आम जनता त्रस्त है। पेट्रोल की कीमत 105 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच गई है। रसोई गैस पर प्रति सिलेंडर 30 रुपए की बढ़ोतरी गरीबों के बस की बात नहीं है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इसके लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों जिम्मेदार हैं। सरकार को जनता की सहूलियत से कोई सरोकार नहीं है। सरकारी खजाना भरने के लिए आम जनता की जेब पर महंगाई का बोझ लादा जा रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी के जिला उपाध्यक्ष पिंटू पांडेय, जिला पार्षद सुरेंद्र राय, शत्रुघन प्रसाद यादव, संतोष यादव, पप्पू कुमार यादव, फरमान अली, हसन जान सहित कई लोग शामिल थे।




Recent Comments