बैंक लूट की योजना से एसबीआई की शाखा भवन में सेंधमारी

मांझी (सारण) : बुधवार की रात ताजपुर एकमा मार्ग पर स्थित एसबीआई की शाखा भवन में सेंध मारकर चोरों ने बैंक लूटने का असफल प्रयास किया। सेंध मारकर बैंक में घुसे चोरों ने शाखा प्रबंधक कैशियर आदि की तमाम केबिनों की अलमीरा का ताला तोड़कर उसमें रखी फाइल व कागजात को यत्र तत्र फेंक दिया।

सेंधमारी वाले स्थान पर बड़ी मात्रा में कागजात व कागजात से भरा एक बंडल बरामद किया गया। अपराध कर्मियों ने सेंध मारी बैंक के पीछे वाली स्टॉक रूम की दीवाल में की गई। तथा फिर बैंक में प्रवेश करने के लिए एसी मशीन को तोड़ दिया गया। शाखा प्रबंधक कक्ष का तौलिया सेंध वाले स्थान पर धूल धूसरित पड़ा मिला। अपराध कर्मियों ने बैंक के प्रतीक्षालय में लगे पासबुक प्रिंटिंग मशीन को एटीएम समझ कर उसे तोड़ डाला। हालांकि बैंक के कैश रूम का ताला तोड़ने में वे सफल नही हो सके और कैश लूटने से बच गया।

घटना की सूचना पाकर पहुंचे एकमा सर्किल के इंस्पेक्टर दिनेश पासवान के नेतृत्व में मांझी के प्रभारी थानाध्यक्ष जय प्रकाश पाण्डेय लालू मल्लाह तथा विद्यानंद मिश्र ने गहन जांच पड़ताल की। मौके पर पूर्व जिप धर्मेन्द्र सिंह समाज मनोज सिंह सहित बड़ी संख्या में आसपास के लोग व बैंक के उपभोक्ता मौजूद थे।
बैंक के शाखा प्रबंधक अजित कुजर ने बताया कि गुरुवार की सुबह उनके पहुंचते ही सेंध मारी की सूचना आसपास के युवकों ने दी।
पहले भी दो बार बैंक लूट का हुआ था असफल प्रयास। लगभग दस वर्ष पूर्व अपराध कर्मियों ने गैस कटर के सहारे बैंक लूटने का प्रयास किया था हालांकि आसपास के लोगों द्वारा शोर मचाये जाने पर गैस कटर व सिलेंडर छोड़ का निकल भागने में सफल रहे थे अपराधकर्मी। लगभग तेरह साल पहले भी ताला काटकर चोरी का प्रयास किया गया था। तब बैंक कर्मियों ने पीछे के ग्रिल वाले दरवाजे के आगे ईंट की दीवार से उसे कैद कर दिया।
सोनपुर मेले में ड्यूटी लगा दिए जाने के बाद ताजपुर पुलिस चौकी बंद कर दी गई है। और बैंक की सुरक्षा स्थानीय चौकीदारों के हवाले कर दी गई है। कई स्थानीय ग्रामीणों ने चौकीदारों की गतिविधियों पर कड़ा एतराज जताया है तथा चौकीदारों की गतिविधियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बैंक में सेंधमारी तथा कागजात इधर उधर फेंक दिए जाने के कारण गुरुवार को बैंक का कामकाज बाधित रहा तथा उपभोक्ता बैंक परिसर से निराश होकर लौटते देखे गए।




Recent Comments