दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
दहेज के लिए महिला की पिटाई कर घर से निकाला
— महिला की शिकायत पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज, बेतिया नगर थाना क्षेत्र के बसवरिया मोहल्ले में दहेज के लिए ससुराल वालों द्वारा एक महिला की बार-बार प्रताड़ित करने और उसकी पिटाई कर घर से निकाल देने का मामला प्रकाश में आया है। मामले में फिरोज आलम उर्फ़ बबलू की पत्नी शबनम प्रवीण ने नगर थाना में ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष नित्यानंद चौहान ने बताया की शबनम के आवेदन के आलोक में उसके पति फिरोज आलम, सास हुस्नआरा, ससुर मोहम्मद अख्तर अंसारी, ननद रानी खातून व रुखसार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस को दिए आवेदन में शबनम ने बताया है कि उसकी शादी फरवरी 2016 में फिरोज से हुई। शादी के कुछ ही दिन बाद से ससुराल वाले 4 लाख रुपये दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। कमरे में बंद कर उसकी पिटाई की जाती थी। इस मामले में कई बार पंचायती भी हुई। इधर सोमवार को ससुराल वाले दहेज के लिए उसे पिटाई कर घर से निकाल दिए हैं। वे लोग हत्या करने की धमकी भी दे रहे हैं। पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।