दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट :-
बेतिया : नगर के वार्ड संख्या छह स्थित उत्तरवारी पोखरा में मंगलवार की सुबह नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना पर पहुंची कालीबाग ओपी पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भेज दी है। ओपी प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इधर आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर पोखरा में नवजात का शव मिलने से लोगों में आक्रोश फेल गया है। लोगों का कहना है कि उत्तरवारी पोखरा के आसपास कुछ चिकित्सकों का निजी नर्सिंग होम है। जहां से नवजात का शव उत्तरवारी पोखरा में अक्सर फेंक दिया जाता है। कई लोगों ने कहा कि छठ पर्व को लेकर पोखरा की सफाई कराई जा रही है। जबकि कुछ लोग मानवता को शर्मसार करते हुए पोखरा में नवजात का शव फेंक या फेकवा रहे हैं। वार्ड पार्षद दिनेश कुमार ने कहा कि यह बहुत ही घिनौना काम हुआ है। अभी सूर्य षष्टि व्रत (छठ पूजा) का समय है और यहां हजारों की संख्या में छठ व्रती आस्था का पर्व छठ मनाते हैं। इस अवसर पर ऐसी वारदात को अंजाम देना बहुत ही निंदनीय है। उन्होंने कहा कि वे इस विषय पर प्रशासन से शिकायत करेंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पर कई हॉस्पिटल है और आए दिन इस तरह की घटना की जाती है। वे लोग इस तरह की घटनाओं से तंग आ चुके हैं। बता दे की पिछले माह में भी उत्तरवारी पोखरा से एक नवजात का शव बरामद किया गया था। सवाल उठता है कि आखिर इसके लिए जिम्मेदार कौन है?