पश्चिम चम्पारण ब्यूरो प्रमुख दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट :-

चनपटिया : प्रखंड विकास पदाधिकारी दीनबंधु दिवाकर ने आज बाजार समिति के प्रांगण में लगने वाले अस्थाई सब्जी एवं फल बाजार में स्वयं घूम-घूम कर लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने एवं कोरोना से बचाव के तरीकों को लेकर जागरूक किया. इसी क्रम में जब बीडियो साहब को कोई व्यक्ति बिना मास्क के दिखता था तो उसे वह मास्क भी देते थे और उसकी उपयोगिता को समझाते थे. श्री दिवाकर ने संवाददाता को बताया कि मेरा प्रयास है कि प्रखंड के लोग कोरोना से बचने के लिए स्वयं जागरूक हो और अन्य को भी जागरूक करें, इसके लिए मास्क लगाना सबसे जरूरी कार्य है. श्री दिवाकर के इस कार्य को बाजार में आए हुए लोगों ने सराहा और मास्क लगाकर ही घर से निकलने तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की बात स्वीकारते नजर आए.