दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-
बाल सुधार गृह से फरार हो कर देता था अपराधिक घटनाओं को अंजाम। पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के पुलिस को थी इन अपराधियों की तलाश। आज पश्चिम चंपारण जिला के बेतिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो अपराधियों को अपराध की योजना बनाते समय एक लोडेड कट्टा व 500 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। उक्त जानकारी देते हुए एसडीपीओ पंकज कुमार रावत ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कालीबाग आउट पोस्ट क्षेत्र के हनुमंत नगर में दो अपराधी बहुत बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आलोक में नगर थानाध्यक्ष नित्यानंद चौहान के नेतृत्व में एक दल गठित कर 20 दिसंबर की रात में छापामारी की गई और दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जिसमें सचिन कुमार उर्फ ऋतिक कुमार, भोली उर्फ रोहित कुमार जो उत्तरवारी पोखरा बेतिया नगर थाना के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने सचिन के पास से 500 ग्राम चरस एवं भोली के पास से एक लोडेड देशी कट्टा बरामद किया है। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत थी। एसडीपीओ श्री रावत ने बताया कि सचिन पूर्व में मोतिहारी बाल गृह में बंद था जो फिलहाल बेल पर चल रहा था। पुलिस टीम में कालीबाग ओपी प्रभारी मनीष कुमार शर्मा, नगर थाना के जफरुद्दीन एवं मुफस्सिल थाने के लाल केश्वर गुप्ता शामिल थे।