बीपीएससी की संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 15 को,हर सेंटर पर होगी वीडियोग्राफी
▶️जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर पांच हजार परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
▶️हर सेंटर पर होगी वीडियोग्राफी
डीईओ ने बैठक कर केंद्राधीक्षकों को दी जानकारी

जमुई ( संजीव कुमार सिंह ) :
शनिवार को शिक्षा भवन स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ में डीईओ विजय कुमार हिमांशु की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया । बैठक में बिहार लोक सेवा आयोग की संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा में केंद्राधीक्षकों और नामित लोग बैठक में भाग लिया । बैठक में परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराये जाने का निर्णय लिया गया। मौके पर सभी केंद्राधीक्षक अथवा नामित प्रतिनिधि मौजूद थे। डीईओ विजय कुमार हिमांशु ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 15 अक्टूबर को जमुई शहर स्थित के के एम कॉलेज , + 2 उच्च विद्यालय जमुई , + 2 राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय जमुई , + 2 उच्च विद्यालय जमुई बाजार , सरस्वती अर्जुन एकलव्य महाविद्यालय , डीएवी पब्लिक स्कूल , ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल तथा रामकृष्ण आवासीय उच्च विद्यालय नामक परीक्षा केंद्र पर बीपीएससी की संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जाना है। उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि को दोपहर 12 बजे से अपराह्न 02 बजे तक परीक्षा का संचालन किया जायेगा। परीक्षा में पांच हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा में जरूरी गतिविधियों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। डीईओ श्री हिमांशु ने कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा का आयोजन किये जाने के साथ इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराये जाने को अपनी प्राथमिकता बताया।
उन्होंने मोबाइल समेत अन्य अवांछित चीजों को परीक्षा भवन में नहीं ले जाने की बात बताते हुए कहा कि अगर इसका उल्लंघन किया गया तो सम्बंधित लोगों पर विधि – सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने केंद्राधीक्षक अथवा उपस्थित प्रतिनिधियों को परीक्षा पूर्व सभी वांछित तैयारी पूरा कर लिए जाने का संदेश दिया। डीएसपी मुख्यालय लालबाबू यादव ने कहा कि परीक्षा केंद्र और इसके आस – पास धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। उन्होंने कानून – व्यवस्था कायम रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने की बात कही। बैठक में प्रो. जगरूप प्रसाद , मो. खालिद हुसैन , जितेंद्र कुमार सिंह , नरेश प्रसाद , प्रो. रामानन्द प्रसाद , आशुतोष पांडे , डॉ. मनोज कुमार सिंहा तथा महेश प्रसाद सिंह उपस्थित थे।




Recent Comments