जमीनी विवाद को लेकर हुई झड़प में डेढ़ दर्जन लोग जख्मी

● मामले में मारपीट व तेजाब अटैक से जख्मी लोगों का अलग अलग जगहों पर कराया गया इलाज

मांझी(सारण)। दाउदपुर थाना क्षेत्र के जैतपुर तख्त गांव में पूर्व से चल रहे जमीनी विवाद को लेकर हुई झड़प व मारपीट में तेजाब अटैक में करीब 20 लोग जख्मी हो गए। जख्मी सभी लोगों को अलग-अलग जगहों पर निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। घटना की जानकारी मिलते हीं दाउदपुर थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी ने पुलिस फोर्स के साथ घटना-स्थल पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली। मामले की गभीरता को देखते हुए दाउदपुर पुलिस ने घटना स्थल से तीन लोगों को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि जैतपुर गांव निवासी ललन साह और भगवान साह के बीच पूर्व से चले आ रहे जमीनी विवाद में रविवार की सुबह बकझक हो रही थी। इसी दौरान तीसरे पड़ोसी रामचंद्र साह गांव के बाहर पूजा कर घर लौट रहे थे और बीच बचाव के उद्देश्य से वहां पहुंच गए। जहां एक पक्ष ने उन्हें हीं विवाद का कारण मानते हुए रामचन्द्र साह को थप्पड़ जड़ दिया गया। जिसके बाद रामचन्द्र साह के परिजन बौखला गए। और देखते हीं देखते विवाद बढ़ गया। इसी बीच किसी ने आभूषण साफ करने वाला तेजाब भरा बोतल भीड़ में फेंक दिया।जो घटना स्थल पर गिरते ही फुट गया। जिसके छींटे पड़ने से वहां मौजूद महिला,पुरुष व बच्चों समेत करीब 20 लोग जख्मी हो गए। जख्मी लोगों मे सोनू कुमार गुप्ता, रवि कुमार, पुष्पा देवी, सविता देवी, बविता देवी, अजय कुमार, अमित कुमार, तुलसी साह, अनूप साह, रामचन्द्र साह, रौशन साह, मोहित ठाकुर, बुलेट राम, भरत राम आदि लोग शामिल हैं। समाचार प्रेषण तक किसी भी पक्ष ने पुलिस को आवेदन नही दिया था। इस घटना के संबंध में थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी ने बताया कि पीड़ित पक्ष के फर्द बयान आने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

मामलें में प्राथमिकी दर्ज:

एसिड अटैक मामले में पुलिस ने  आरोपी अनूप साह, मुन्ना साह और तुलसी साह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल अन्य जख्मी लोगों के साथ जख्मी आरोपियों का भी इलाज पुलिस हिरासत में एकमा पीएचसी में चल रहा है।