छपरा: सहाजितपुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआं गांव के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान कोल्हुआं निवासी सुमन ओझा के रूप में हुई है, वहीं घायल पति कृष्ण नंदन ओझा का अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना के संबंध में बताया गया कि नवरात्र के पहले दिन दंपती उपवास रखकर बाजार में पूजा पंडाल गए थे। पूजा-अर्चना के बाद दोनों पैदल अपने घर लौट रहे थे। जब वे एनएच-331 के किनारे अपने घर के पास पहुंचे, तभी छपरा की ओर से आ रहे बालू लदे एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

गंभीर रूप से घायल दंपती को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल पति की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।