नेपाल की सांसद बीना शाही एवं धरा धाम इंटरनेशनल के मानद कुलपति डॉ. सौरभ पाण्डेय ने प्रमाण पत्र एवं शिल्ड देकर किया सम्मानित

वीरगंज में 21 विशिष्ट विभूतियां सम्मानित, इंडो-नेपाल ग्लोबल समिट में दो पुस्तकों का विमोचन

पटना। निरोजा ग्रीन इंडिया परिवार की ओर से वीरगंज, नेपाल स्थित एक होटल में मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को इंडो-नेपाल ग्लोबल समिट एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में भारत और नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 21 विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा, सामाजिक सेवा, जल संरक्षण, मानवता तथा भारत-नेपाल मैत्री से जुड़े विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धरा धाम इंटरनेशनल के मानद कुलपति एवं प्रमुख सौहार्दशिरोमणि संत डॉ. सौरभ पाण्डेय जी महाराज रहे। समारोह के दौरान संत सौरभ के जीवन-दर्शन, सेवा, मानवता, शांति एवं वैश्विक सद्भाव पर आधारित दो पुस्तकों के आवरण का विमोचन किया गया। इनमें नेपाल की सांसद बीना शाही की कृति ‘हृदयदेखि हृदयसम्म—संत सौरभ र मानवताको सार्वभौमिक हृदय’ तथा रत्न प्रसाद श्रेष्ठ की पुस्तक ‘हिमालदेखि विश्वसम्म—सौहार्दशिरोमणि संत सौरभ’ शामिल हैं। समारोह में नेशनल जर्नलिस्ट एसोसिएशन (एनजेए) बिहार के मीडिया प्रभारी सह प्रवक्ता धर्मेंद्र कुमार मिश्रा को पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका के लिए ‘इंडो-नेपाल लीडरशिप एक्सीलेंस ऑनर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। नेपाल की सांसद बीना शाही एवं डॉ. सौरभ पाण्डेय ने उन्हें प्रमाण पत्र एवं शिल्ड प्रदान की। सम्मान पत्र में धर्मेंद्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व कौशल, संगठनात्मक क्षमता, सामाजिक सक्रियता तथा कर्तव्य के प्रति निरंतर समर्पण की सराहना की गई। उन्हें मिला यह सम्मान पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका और संगठनात्मक योगदान की पहचान के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम में निरोजा ग्रीन इंडिया परिवार के सीईओ डॉ. नीरज गुप्ता एवं पूजा गुप्ता के अलावा विभिन्न स्थानों से आए कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में भारत और नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने सहभागिता की तथा भारत-नेपाल मैत्री, सामाजिक सौहार्द एवं मानवता से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए।