
छपरा। दुर्गापूजा के पावन अवसर पर आम जनता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छपरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक छोटी कुमारी के प्रयासों से एक बड़ी राहत मिलने जा रही है। उनकी पहल पर पथ निर्माण विभाग के मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिला अभियंता को फोन पर फटकार लगाई है और ब्रह्मपुर-बिशुनपुरा पथ की तत्काल व गुणवत्तापूर्ण मरम्मत का आदेश दिया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा का मामला
छपरा शहर के बीच स्थित इस मार्ग पर बड़े-बड़े और गहरे गड्ढे बन गए थे, जिससे आवागमन बेहद खतरनाक हो गया था। विधायक छोटी कुमारी ने बताया कि दुर्गापूजा के दौरान शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं का आना-जाना होता है। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना असंभव हो जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों, टोटो और पैदल यात्रियों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ था।
अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी
विधायक ने आरोप लगाया कि गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हिस्सों को छोड़कर मामूली जगहों पर खानापूर्ति की जा रही थी। पिछले 15 दिनों से लगातार गुहार लगाने और स्वयं स्थलीय निरीक्षण कराने के बावजूद जब अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तब उन्होंने विभागीय मंत्री से हस्तक्षेप की मांग की।
मंत्री का निर्देश और जांच की मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री ने जिला अभियंता को त्वरित गति से पूजा से पहले सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, विधायक छोटी कुमारी ने संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि सरकारी कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके और जनता को सुगम आवागमन मिल सके।




Recent Comments