छपरा । बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार सारण के तत्वावधान में शुक्रवार को मंडल कारा, छपरा में विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नालसा 2015″ विषय के अंतर्गत आयोजित हुआ। शिविर के दौरान बंदियों को मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित उनके कानूनी अधिकारों, नालसा की कल्याणकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही, कारा में निरुद्ध बंदियों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सकों द्वारा बंदियों के मानसिक व सामान्य स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक परामर्श व दवाएं दी गईं।
इस अवसर पर राजीव कुमार, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बताया कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े तथा मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों को त्वरित व सुलभ विधिक सहायता और समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राधिकार की प्राथमिकता है। कानून किसी भी व्यक्ति को उसके अधिकारों से वंचित नहीं रहने देता, विशेषकर उन परिस्थितियों में जहाँ व्यक्ति अपनी बात रखने में अक्षम हो।
कार्यक्रम में मंडल कारा प्रशासन के अधिकारी, विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता, पराविधिक स्वयंसेवक एवं स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम उपस्थित रही।