
सोनपुर (सारण): भारत स्काउट और गाइड, सारण के तत्वावधान में स्थानीय एस०पी०एस० सेमिनरी में प्रथम सोपान प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर का विधिवत उद्घाटन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सोनपुर ने किया। जिला शिक्षा पदाधिकारी सारण के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में तीन प्रमुख विद्यालयों- एस०पी०एस० सेमिनरी, शिव दुलारी उच्च विद्यालय और शिशु संघ सोनपुर के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं।
इस प्रशिक्षण के जरिए विद्यार्थियों को स्काउटिंग-गाइडिंग के मूल सिद्धांतों, अनुशासन, सेवा भावना, स्वावलंबन और नेतृत्व क्षमता का पाठ पढ़ाया जा रहा है। शिविर के संचालन के लिए जिला प्रशिक्षक प्रणव सिंह को शिविर प्रधान और शिक्षक सह स्काउट मास्टर अमित कुमार को शिविर सहायक बनाया गया है। इसके अलावा प्रशिक्षक आशुतोष कुमार और अभिषेक कुमार भी बच्चों को प्रशिक्षित कर रहे हैं।
उद्घाटन के अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सतेन्द्र कुमार मिश्रा विशेष रूप से मौजूद रहे। शिक्षकों और अतिथियों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में टीम भावना, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास होता है, जिससे वे एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनते हैं।




Recent Comments