
बम विस्फोट से दहला मोतिहारी, पांच लोग घायल, एक की हालत गंभीर
देवेन्द्र कुमार कुशवाह ज़िला प्रमुख “दैनिक खोज खबर” मोतिहारी (पू.च.) बिहार:-पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज थानांतर्गत बहादुरपुर पंचायत के खजुरिया गांव में गुरुवार को हुए एक बम विस्फोट में एक ही परिवार के पांच लोग जख्मी हो गए। घायलों को तत्काल अरेराज रेफरल अस्पताल ले जाया गया है।
यहां चिकित्सकों ने सभी की प्रारंभिक चिकित्सा के बाद एक की स्थिति को गंभीर बताया है। घायलों में टुन्ना पटेल (33 वर्ष), उसकी मां कृष्णावती देवी (60 वर्ष), पुत्र गोलू (8 वर्ष), नेपाली पटेल (4 वर्ष) और पुत्री रानी (7 वर्ष) शामिल हैं। बताया गया है कि टुन्ना पटेल के बच्चे घर के पास से गुजरी नहर किनारे खेल रहे थे।
इस दौरान उन्हें एक प्लास्टिक का थैला दिखा। बच्चों ने खेल-खेल में थैले को उठाया और फेंक दिया। थैला फेंकने के साथ विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना तगड़ा था कि परिवार के सभी सदस्य बुरी तरह जख्मी हो गए। आनन-फानन में सभी को अस्पताल लाया गया है। जहां एक की हालत गंभीर है। शेष सभी खतरे से बाहर बताए गए हैं।
घटना की सूचना के बाद अरेराज के पुलिस निरीक्षक अरविंद प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। मामले की जांच की जा रही है। अबतक यह खुलासा नहीं हो पाया है कि उपरोक्त विस्फोटक गांव में किसने और क्यों रखा था।
•विस्फोटक के बारे में ली जा रही है:-जानकारी पुलिस की टीम विस्फोटक के बारे में जानकारी जुटा रही है। पता लगाया जा रहा है कि आखिर विस्फोटक गांव में आया कहां से ? विस्फोटक में इस्तेमाल की गई चीजों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस के अनुसार जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
•नुरुल हक, पुलिस उपाधीक्षक, अरेराज (पूचं.) ने कहा:-विस्फोट की घटना हुई है। पांच लोग जख्मी है। सभी का इलाज चल रहा है। पुलिस टीम लगी है। जल्द ही इस बात का खुलासा कर लिया जाएगा कि आखिर वहां विस्फोटक आया कैसे।




Recent Comments