सीडीओ ने जलग्राम कसरांव में लगाई चौपाल,लाभार्थियों की पासबुक रखने पर हुईं नाराज
ए.के.केशकर
खागा/फ़तेहपुर,29 जून। मुख्य विकास अधिकारी सी इंदुमती ने जलग्राम कसरांव विकास खण्ड हथगाम में जन चौपाल लगाई और बिंदुवार समस्याओं की जानकारी ली।प्रधान द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना की पासबुक अपने पास रखने पर गहरी नाराजगी जताई और जांच के आदेश दिए।कई लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को बीडीओ को आदेश दिया।
बीडीओ हथगाम सुश्री कविता तिवारी के संयोजन में आयोजित चौपाल में सीडीओ इंदुमती ने नहर में सफाई नहीं होने की शिकायत पर सफाई का भरोसा दिलाया।राशन व तेल नहीं मिलने की शिकायत हुई।कुछ ने राशन मिलने की बात बताई।राशन कार्ड नहीं होने पर सीडीओ ने कैम्प लगाकर सभी सभी राशन कार्ड देने के निर्देश दिए।
ग्राम प्रधान की अनुपस्थिति एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की पासबुक अपने पास रखने पर सीडीओ ने नाराजगी जाहिर की और कहा कि खाते में सीधे पैसा आता है इसलिए किसी को कुछ नहीं देना है।उन्होंने प्रधान के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए।लोगों शिकायत हेतु शपथ पत्र देने को कहा।सेक्रेटरी विद्या भूषण को डांट पिलाई।कुछ लोगों ने बताया कि प्रधान बीमार हैं और इलाज कराने गए हैं।एक ने ये बताया कि पासबुक पैसा चढ़वाने के लिए ली गई हैं।
सीडीओ ने साफतौर पर कहा कि कोई भी पैसा मांगे तो तुरंत बीडीओ को बताएं।किसी की अशिक्षा का नाजायज फायदा नहीं उठाने दिया जायेगा।सफाईकर्मी के गांव नहीं आने पर सीडीओ ने उसे चौपाल में पेश किया लेकिन कोई पहचान नहीं सका।स्पष्टीकरण देने की कार्यवाही की गई।सीडीओ ने कहा कि घर के बाहर सफाई का काम लोग भी करें।नाली को अवरुद्ध नहीं करें।नाली,स्कूल,पंचायत घर आदि की सफाई कर्मचारी करते हैं लेकिन और सफाई नागरिकों की भी जिम्मेदारी है।नालियों को लोग खुद चोक कर देते हैं।गांव की रोड पर जानवर बांधने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
शौचालय निर्माण पर चर्चा के दौरान उन्होंने बताया कि सीट बैठाने तक का काम लाभार्थी करें ताकि पहली क़िस्त छह हजार की दी जा सके।उन्होंने शौचालय खुद बनाने पर जोर दिया।ये भी बताया कि प्रधान और सचिव के माध्यम से निर्माण की अपेक्षा खुद का निर्माण अधिक उपयोगी होगा।इस सम्बन्ध एक टीम भी गांव आएगी और निर्माण के बारे में जानकारी देगी।उन्होंने शौच क्रिया हेतु बाहर जाने के नुकसान की जानकारी दी और सभी शौचालय बनवाने को कहा।यहां 825 परिवारों के 756 शौचालय बनने हैं।अत्यंत गरीब परिवार को सरकार खुद शौचालय बनाकर देगी।आंगनबाड़ी और स्कूल में शिक्षण कार्य की लोगों ने तारीफ़ की।ए एन एम के कार्यों से भी संतुष्ट रहीं।गांव में लगभग 106 बिजली कनेक्शन हैं जिनमें मीटर लगाने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने सभी तरह के पेंशन के लिए कैम्प लगाने के निर्देश बीडीओ को दिए।उन्होंने कहा कि पानी को अनावश्यक बर्बाद नहीं होने दिया जाये।इसके महिलाओं से खासतौर से अनुरोध किया।उन्होंने पानी के महत्व को बताया और तालाबों अथवा हैण्डपम्प से सबमर्सिबल से पानी खींचने पर नाराजगी जताई।इससे भविष्य में भू-गर्भ से सारा पानी खत्म हो जाने का खतरा है।कार्यक्रम के संयोजक अनीस भाई ने तालाबों और भारत सरकार की जल सरंक्षण योजना की जानकारी देते हुए बतया कि गांव को नमामि गंगे की भी सौगात मिली है।ग्रामीणों ने गांव के140 किसानों के भूमिहीन हो जाने की बात बताई।
इस मौके पर,डीपीआरओ अजय आनंद सरोज,खण्ड शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार,ए इ एम आई टी एस तिवारी,अभियंता परमानन्द,अवर अभियंता अखिलेश सिंह यादव,प्रधान मिर्जापुर जय सिंह,टी एस तिवारी,ए डी ओ पंचायत दुबे सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।बीडीओ कविता तिवारी ने आभार व्यक्त किया।




Recent Comments