परवेज अख्तर/सिवान। बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी गांव के समीप मंगलवार की देर रात पुलिस व बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। जिसमें बदमाशों की तरफ से चार राउंड फायरिंग की गई वहीं पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में छह राउंड फायरिंग की। इस दौरान 40 हजार का इनामी बदमाश रोहित शर्मा एवं उनके सहयोगी रोहित कुमार उर्फ रिशु घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टर ने स्थिति गंभीर को देखकर पटना रेफर कर दिया। पुलिस अभिरक्षा में उन्हें पटना भेजा गया। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्टल, छह कारतूस, तीन खोखा, एक बाइक, दो मैगजीन व बीस पुड़ीया स्मैक को बरामद किया है। इस संंबंध में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि बसंतपुर थाना को गुप्त सूचना मिली कि सिसई मोड़ के आगे कुछ बदमाश आए हुए हैं। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची । बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छापेमारी के क्रम में पुलिस टीम को देखकर बदमाशों द्वारा पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी गई। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ एवं नियंत्रणपूर्वक जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए। घायल बदमाश की पहचान रोहित शर्मा के रूप में की गई है, जो बसंतपुर ज्वेलरी शाप लूट, खोरीपाकर लूट, बगौरा लूट एवं हैदराबाद खजाना ज्वेलर्स लूट कांड सहित कई आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहा है तथा 40 हजार का इनामी रहा है। दूसरे की पहचान रोहित कुमार उर्फ रिशु के रूप में हुई है जो बसंतपुर लूटकांड में संलिप्त रहा है। दोनों बदमाश रोहित शर्मा पर बसंतपुर थाना कांड संख्या-657/25, बसंतपुर थाना कांड संख्या-693/25, बसंतपुर थाना कांड संख्या-65/26, बड़हरिया थाना कांड संख्या-523/24, बड़हरिया थाना कांड संख्या-444/22, दरौंदा थाना कांड संख्या-351/25, हैदराबाद, चंदननगर थाना कांड संख्या-890/25 है। जबकि बदमाश रोहित कुमार उर्फ रिशु का बसंतपुर थाना कांड संख्या-657/25, बसंतपुर थाना कांड संख्या-65/26 है।छापेमारी टीम में बसंतपुर थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजू कुमार, अपर थानाध्यक्ष सह पुअनि संजीव कुमार सुमन, जिला आसूचना ईकाई के परि पुअनि प्रशांत कुमार, सिपाही विकास कुमार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।


अनियंत्रित पिकअप ने तीन लोगों को रौंदा, एक की मौत

सिवान। गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के अफराद मोड़ के समीप मंगलवार की देर रात तेज रफ्तार एक अनियंत्रित पिकअप ने तीन लोगों को रौंदा दिया। इसमें एक बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि पिता-पुत्र घायल हो गए। हादसे में पिता गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों ने दोनों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए पिता को पटना रेफर कर दिया। मृतक की पहचान गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के जलपुरवा निवासी 35 वर्षीय सनोज यादव के रूप में हुई है, जो बाइक से अपने ससुराल जा रहा था। वहीं घायलों की पहचान अफराद गांव निवासी 45 वर्षीय फागु रावत और उनके 6 वर्षीय पुत्र संतोष रावत के रूप में हुई है। घटना संबंध में बताया जाता है कि गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के अफराद मोड़ के पास से सड़क किनारे पैदल जा रहे एक पिता और उनके छह वर्षीय पुत्र को पिकअप ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों घायल हो गए। हादसे के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका और तेजी से भागता रहा। इसी दौरान जामो थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के पास उसने एक बाइक सवार युवक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद युवक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद भी चालक पिकअप लेकर फरार होने की कोशिश करता रहा, लेकिन कुछ दूरी पर वाहन का टायर अचानक पंचर हो गया। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत जामो थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को अपने वाहन से ही पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने जलालपुर गांव के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस ने समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और जाम हटवाया।


गोली मारकर पांच लाख की लूट मामले में लाइनर गिरफ्तार

परवेज अख्तर/सिवान। सराय थाना क्षेत्र के बभनौली गांव के समीप 20 मार्च की शाम दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने सीएसपी संचालक सह कल्याणपुर निवासी अशोक पटेल को गोली मारकर पांच लाख रुपये लूट ली थी। जहां इलाज के दौरान 23 मार्च की सुबह मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते घटना में शामिल लाइनर को गिरफ्तार कर लिया और घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान कर ली है। गिरफ्तार महादेवा थाना क्षेत्र के सलेमपुर नई बस्ती निवासी प्रमोद कुमार है। गिरफ्तार प्रमोद एक्सिस बैंक में चपरासी का काम करता था। इसके पास से पुलिस ने एक पिस्टल, दो कारतूस, एक चोरी की बाइक, दो पासबुक, एक आईडी कार्ड, एक बैग, एक मोबाइल व 8220 नगद रुपया को बरामद किया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर बताया कि बीस मार्च को सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसपी संचालक अशोक पटेल से कुछ अज्ञात बदमाशों द्वारा बैंक से सीएसपी केंद्र कल्याणपुर जाने के क्रम में लूट पाट कर गोली मार कर जख्मी कर देने की घटना की गई थी, जिनका इलाज के क्रम में मृत्यु हो गई। घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना का त्वरित उद्भेदन एवं बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एसआइटी टीम का गठन किया गया था। एसपी ने बताया कि गठित एसआइटी टीम द्वारा बबुनिया मोड़ से घटनास्थल तक के क्षेत्रों का लगातार सीसी कैमरा के फुटेज का अवलोकन कर एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर बदमाशों की पहचान कर गुप्त सूचना के आधार पर सिसवन ढाला बाइपास रोड के पास छापेमारी कर अभियुक्त प्रमोद कुमार को अवैध हथियार एवं चोरी के मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में सराय थाना द्वारा कांड दर्ज कर अग्रतर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है। छापेमारी टीम में सराय थानाध्यक्ष सह पुअनि विकास कुमार बिट्टू, महादेवा थानाध्यक्ष सह पुअनि विनीत विनायक एवं जिला के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


चैनपुलिंग के दौरान एक युवक को आरपीएफ ने पकड़

सिवान। चैनपुलिंग के दौरान एक युवक को आरपीएफ ने पकड़कर कार्रवाई की है। इस संबंध में आरपीएफ इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि बुधवार को गाड़ी संख्या 15047 कोलकाता गोरखपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस के मैरवा रेलवे स्टेशन पर चैनपुलिंग किसी व्यक्ति ने कर दी। जांच के दौरान चैनपुलिंग करने वाले व्यक्ति मुजफ्फरपुर जिला के ढोली थाना क्षेत्र के बाजी बुजु़र्ग निवासी चंदन कुमार को बिना उचित कारण के चैनपुलिंग करने के जुर्म में सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल धर्मप्रकाश मिश्रा, कांस्टेबल बिन्देश्वर साह द्वारा गिरफ्तार किया गया।


झोपड़ीनुमा घर में लगी आग एक लाख से अधिक की सम्पत्ति जलकर हुई राख

दरौली (सिवान)। दरौली प्रखंड के दोन पंचायत के वार्ड संख्या नौ लेंजा नहर के पास झोपड़ीनुमा घर में बुधवार की संध्या अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता अली अहमद (बहारन) स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। लेजा गांव निवासी अग्निपीड़ित छोटन प्रसाद की पत्नी शैल देवी ने बताया कि झोपड़ीनुमा घर में रखा हुआ एक पलंग, सोफा,अलमीरा, डेशिंग टेबल,बाल्टी,2 बोरा गेहूं,तीन बोरा धान,एक बोरा सरसों,15 किलो आटा जलकर राख हो गया है। जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये से अधिक की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसआई विवेक कुमार घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की जांच की है।

ईंट भट्ठा व होटल से तीन बाल श्रामिक मुक्त, नियोजनो पर केस के आदेश

दारौंदा (सिवान)। बाल श्रम के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार और जिला प्रशासन, के संयुक्त धावा दल ने हसनपुरा प्रखंड में बुधवार को छापेमारी कर तीन बाल श्रमिकों को मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान हसनपुरा स्थित शिवम ईंट उद्योग से दो तथा लक्ष्मी बिरयानी एंड एग रोल दुकान से एक बाल श्रमिक को स्थानीय थाना पुलिस की मदद से छुड़ाया गया। सभी बच्चों को सुरक्षित रूप से बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां उनके पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। धावा दल में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी विशाल कुमार सिंह (सिसवन प्रभारी, हसनपुरा), सौरभ सुमन (दारौंदा), हिमांशु राज (दरौली) और विश्वजीत कुमार (नौतन) सहित हसनपुरा थाना की पुलिस टीम शामिल रही। प्रभारी श्रम अधीक्षक, सिवान ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि दोषी नियोजकों के विरुद्ध जल्द प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

शराब बरामदगी मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार

दारौंदा (सिवान)। दारौंदा थाना कांड संख्या 322/23, शराब बरामदगी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त नागेंद्र यादव को पुलिस ने मंगलवार की रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त हड़साटाली निवासी है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अभियुक्त अपने घर के आसपास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और उसे पकड़ लिया। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि उक्त मामले में अभियुक्त काफी दिनों से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। गिरफ्तारी के बाद बुधवार को अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

चाकू से हमला करने की तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज

भगवानपुर हाट ( सिवान)। थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर महेश के प्रमोद प्रसाद की पत्नी सुमित्रा देवी के आवेदन पर मंगलवार को उनके पुत्र प्रिंस कुमार को चाकू से हमला कर जख्मी करने की प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में गांव के ही सूरज कुमार चौहान, रोहित चौहान सहित तीन लोगों को आरोपित किया गया है l पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है l

आपसी विवाद में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट, 13 पर प्राथमिकी

हुसैनगंज(सिवान)। थाना क्षेत्र के छपियां गांव में 24 मार्च की देर रात हुई दो पक्षों की झड़प में तीन लोगों के घायल होने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में एक पक्ष से पीड़ित विशाल कुमार ने थाने में आवेदन देते हुए कहा है कि 24 मार्च की शाम अपने दरवाजे पर नाश्ता कर रहा था। तभी पूर्व में हुए बच्चों के विवाद को लेकर मेरे घर से 200 मीटर दूर रहने वाले हारून रसीद अपने छह सहयोगियों के साथ झुंड बनाकर मेरे दरवाजे आया गए तथा मुझसे मारपीट करने लगे। यह देख मेरा छोटा भाई बंटी कुमार बीच बचाव करने आया तो उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के किताबुद्दीन अंसारी ने कहा है कि घटना के दिन रात्रि नौ बजे मेरा पुत्र हारून रसीद घर के सामने सड़क पर टहल रहा था। तभी राघव भगत अपने दो पुत्रों के साथ मिलकर हारून पर लाठी से हमला कर घायल कर दिये। इसके बाद गांव के चार अन्य लोगों ने मिलकर इस मारपीट की घटना को अंजाम दिया। थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों पर 13 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी कर कार्रवाई की जा रही है।