बीएलओ को एक वर्ष से नहीं मिला मानदेय

परवेज अख्तर/सिवान;
मैरवा(सिवान) : मैरवा के सभी मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) को एक वर्ष से मानदेय नहीं मिला है। इसको लेकर उनमें नाराजगी है।
प्रखंड मे काम करने वाले बीएलओ इसको लेकर कई बार अंचलाधिकारी से मिलकर मानदेय भुगतान का अनुरोध कर चुके हैं। हर बार सीओ से उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। एक बीएलओ ने कहा कि मतदाता सूची से संबंधित कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के लिए अधिकारियों द्वारा दबाव
बनाया जाता है। लेकिन कभी भी समय पर मानदेय का भुगतान नहीं किया जाता है। उन्होंने कहा कि मानदेय की राशि उपलब्ध है, लेकिन पिछले छह महीने से इसके लिए अधिकारी अपना चक्कर कटवा रहे हैं। बीएलओ का कहना है कि मतदाता सत्यापन कार्य दशहरा अवकाश में कराया गया था, लेकिन मैरवा प्रखंड में इस अवकाश के बदले क्षतिपूर्ति की स्वीकृति नहीं दी गई। इसको लेकर बीएलओ में नाराजगी व्याप्त है। बीएलओ मानदेय
भुगतान को लेकर एक बार फिर अंचलाधिकारी से मिलेंगे। अगर भुगतान की कार्रवाई नहीं की गई तो डीडीसी से इसकी शिकायत करेंगे।