
अनूप नारायण सिंह/पटना।
राजधानी पटना के मोईनुलहक स्टेडियम के पास बन रहे साइंस सिटी के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने राज्य के विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यह साइंस सिटी पूरे देश में अनूठा होगा। लगभग 334 करोड़ की लागत से इसका निर्माण होना है, इसका उद्देश्य है बिहार के आवाम में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रसार और बिहार के वैज्ञानिक धरोहरों का संरक्षण। यह राज्य के भविष्यदर्शी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की परिकल्पना का साकार स्वरूप है। वह जनता के राष्ट्रपति के रूप में अत्यंत लोकप्रिय महान वैज्ञानिक कलाम साहब से दिल से जुड़े हुए थे। विज्ञान से जुड़े मसलों के प्रति मुख्यमंत्री जी का जबरदस्त रुझान रहा है। महानतम खगोलविद आर्यभट्ट के प्रति उनकी आस्था सर्वविदित है। तारेगना को राष्ट्रीय फलक पर लाने एवं आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय की स्थापना के जरिये उन्होंने इसको परिभाषित किया।एपीजे अब्दुल कलाम साइंस सिटी 15 एकड़ में 32 हज़ार वर्ग फ़ीट में बन रही है। यह विज्ञान का एक सर्वश्रेष्ठ केंद्र बनेगा। यहां बिहार के बच्चों और युवाओं को विज्ञान के अत्याधुनिक विधा से अवगत कराया जाएगा। उनमें विज्ञान के प्रति रुझान विकसित किया जाएगा। पूरी परियोजना का विस्तृत प्रस्तुतिकरण के दौरान तयशुदा अवधि में इसे आकार देने के बारे में पदाधिकारियों से विमर्श किया। मंत्री सुमित कुमार सिंह ने कहा कि मैंने निर्माण कंपनी के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि हर हाल में निर्माण की गुणवत्ता को सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री जी के नजरिये के अनुरूप उसे आकार देने में कोई कोताही न हो।




Recent Comments