सोनपुर। पटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एवं छपरा व्यवहार न्यायालय के वर्तमान निरीक्षी न्यायाधीश (इंस्पेक्टिंग जज) संदीप कुमार शनिवार की शाम करीब 6 बजे हरिहरक्षेत्र सोनपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा हरिहरनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
दर्शन-पूजन के उपरांत न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने मंदिर परिसर निरिक्षण करते हुए मंदिर परिसर के स्वच्छता, व्यवस्थाओं एवं संचालन की सराहना करते हुए इसे उत्कृष्ट बताया। उनके इस दौरे को मंदिर एवं क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण अवसर माना गया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीत कुमार गर्ग, व्यवहार न्यायालय सोनपुर के सब जज-1 अनुराग मिश्रा तथा अधिवक्ता आलोक चंद्रा भी उपस्थित रहे।
मंदिर न्यास समिति की ओर से सचिव विजय कुमार सिंह ‘लल्ला’ ने न्यायमूर्ति संदीप कुमार का पुष्पमाला, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
इस दौरान मंदिर न्यास समिति के सह-कोषाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिन्हा, सदस्य चंद्र भूषण तिवारी, मंदिर के पुजारियों एवं कर्मचारियों ने पूजा-अर्चना की व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
न्यायमूर्ति के आगमन से मंदिर परिसर में श्रद्धा एवं उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने इसे बाबा हरिहरनाथ की महिमा एवं मंदिर की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक बताया।