परवेज अख्तर /सीवान
- नौतन थाना क्षेत्र बना अपराधियों के लिए सेफ जोन
- मध्य विद्यालय पचलखी के पास अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
- शव देख छात्राओं ने दी स्कूल प्रशासन को सूचना
नौतन. थाना क्षेत्र के पचलखी में एक युवक की हत्या कर जलाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. अपराधियों ने घटना को अंजाम उच्च विद्यालय पचलखी के समीप दिया है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सीवान भेज दिया. शव के आगे का चेहरा सहित पेट व छाती जलने से पहचान करने में दिक्कत हो रही है.
बताया जाता है कि उच्च विद्यालय पचलखी की छात्राएं जब मंगलवार को शौच के लिए स्कूल की शौचालय के तरफ गयी तो बाउंड्री के समीप छात्राओं ने एक शव अधजले अवस्था में देखा. शव को देखते ही छात्राओं के होश उड़ गये. उन्होंने इसकी सूचना तत्काल एचएम ओम प्रकाश यादव को दी. उसके बाद एचएम ओमप्रकाश यादव पास स्थित मध्य विद्यालय पचलखी के एचएम सुबाष तिवारी को देते हुए, दोनों लोग देखने गये. अधजला शव देख एचएम द्वय ने इसकी सूचना पहले प्रखंड विकास पदाधिकारी को दी. जहां उन्होंने थाने को सूचना देने की बात कही. सूचना के तकरीबन एक घंटे के पास मौके पर एसआई मामूनुर रसीद दलबल के साथ पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सीवान भेज दिया. घटना सोमवार की रात्रि की होने की संभावना लोगों ने जताया है. कारण कि सोमवार की शाम तक ऐसी किसी घटना की सूचना नहीं थी.
मृतक की उम्र तकरीबन 20 से 22 वर्ष बतायी जा रही है. थानाध्यक्ष इंद्रदेव महतो ने बताया कि शव का पहचान नहीं हो सकी है. पहचान का प्रयास किया जा रहा है. वहीं उन्होंने हत्या के किसी भी कारण को बताने से इंकार कर दिया.
घटना के बाद छात्रों में था दहशत-
स्कूल के समीप हुई घटना के बाद छात्रों में दहशत का माहौल था. जैसे ही छात्राओं ने अधजला शव स्कूल की बाउंड्री के पास होने की सूचना एचएम को दी, उसके बाद हाई स्कूल से लगायत मिडिल स्कूल के छात्रों में दहशत कायम हो गया. कोई अपने क्लास रूम से बाहर निकलने को तैयार नहीं था. छुट्टी होने तक छात्र अपने क्लास रूम में डरे सहमे बैठे थे. वहीं घटना को लेकर आसपास के लोगों में भी नाराजगी थी.
अपराधियों के लिए सेफ जोन बना नौतन-
नौतन थाना क्षेत्र अपराधियों के लिए सेफ जोन बन कर रह गया है. जिसे लेकर आये दिन चोरी सहित हत्या की घटनाओं को अपराधी आराम से अंजाम देकर चलते बन रहे हैं. एक घटना का उद्भेदन हो नहीं हो रहा है, तबतक अपराधी दूसरी घटना को अंजाम देने में सफल हो रहे हैं. दिसंबर में भी अपराधियों ने यूपी के एक युवक की देवनचक गांव के समीप गोली मारकर दिन में ही हत्या कर दी थी.




Recent Comments