दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा(सारण)। नगर क्षेत्र के धेनुकी गांव निवासी 82 वर्षीय रिटायर्ड फौजी सूबेदार परमानन्द प्रसाद का बृहस्पतिवार देर शाम अचानक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। देर रात को रिविलगंज-मांझी के सेमरिया घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी। परमानन्द प्रसाद ने भारतीय फौज में 32 वर्षों तक अपनी सेवाएं दी थीं। इस दौरान उन्होंने 1960 से 1990 के बीच हुए तीन प्रमुख युद्धों में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उनके अदम्य साहस और पराक्रम के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया था। वे अपने पीछे पुत्र समाजसेवी रमाशंकर प्रसाद और शिक्षक राजन कुमार सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन पर भाजपा नेता मनोज सिंह, शंभू प्रसाद सिंह, अनिल शर्मा, वार्ड पार्षद रंजय कुमार गोलू, राकेश कुमार उजाला, मनोकामना सिंह, संजीव कुमार, विपिन मिश्र, कामेश्वर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अपूर्णीय क्षति बताया है।

__