दैनिक खोज खबर/भेल्दी (सारण)। भेल्दी थाना क्षेत्र के तरवार टोले बैजनाथपुर चंवर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दिनेश राय नाम का एक युवक ताड़ी के नशे में 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर पहुंचकर नीचे कूदने की धमकी दे रहा था, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की सूचना पर बिजली विभाग ने तुरंत लाइन काटी। करीब 3 घंटे चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और बिजली कर्मियों ने काफी मशक्कत से उसे सुरक्षित नीचे उतारा। पुलिस के अनुसार, दिनेश मानसिक रूप से कुछ कमजोर है और कुछ युवकों के बहकावे में आकर टावर पर चढ़ा था। हालांकि, स्थानीय स्तर पर घटना को प्रेम-प्रसंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस मेडिकल जांच के बाद उससे पूछताछ कर रही है।

एक दिन पहले भी हुई थी ऐसी घटना:

दिलचस्प बात यह है कि इसके ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को अमनौर थाना क्षेत्र के पकड़ी महम्मद गांव में भी एक युवती प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। मढ़ौरा एसडीएम और डीएसपी समेत पूरी प्रशासनिक टीम ने 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा था। दो दिनों में लगातार हुई इन घटनाओं से पूरा प्रशासनिक अमला परेशान रहा।