रामनवमी पर मुस्लिम महिलाओं ने उतारी भगवान श्रीराम की महाआरती, पढ़ी उर्दू में लिखी आरती
#रिपोर्ट – सन्नी भगत

मुस्लिम महिलाओं ने श्रीराम की आरती उतारकर साम्प्रदायिक एकता का संदेश दिया। मुस्लिम महिलाओं ने उर्दू में लिखी श्रीराम आरती का पाठ करने के साथ थाल सजाकर प्रभु राम के चित्र की आरती उतारी।
मुस्लिम महिला फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पातालपुरी के पीठाधीश्वर बाबा बालकदास भी शामिल हुए। विशाल भारत संस्था एवं मुस्लिम महिला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित रामनवमी समारोह में साम्प्रदायिक एकता का संदेश देने के लिए श्रीराम की उर्दू में आरती उतारी गई। मुस्लिम महिला फाउंडेशन की सदर नाजनीन अंसारी ने इसका अनुवाद किया था।
इस मौके पर खासतौर से पातालपुरी मठ से रामनवमी समारोह में हिस्सा लेने आए बाबा बालकदास ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम किसी एक जाति-धर्म के नहीं बल्कि पूरे सृष्टि के कल्याणकर्ता हैं। मुस्लिम बहनों ने उनकी आरती उतारकर यहीं संदेश दिया है।
श्रीराम की आरती उतारने में संजीदा बेगम, नजमा परवीन, कहकशां अंजुम, शबनम बीबी, मोहम्मद अजहरुद्दीन, अर्चना भारतवंशी, नजबुन मदीना, वारिश अली, शम्स परवीन, शाहजहां, शबनम, राजीव श्रीवास्तव सहित कई लोग मौजूद थे।




Recent Comments