दैनिक खोज खबर /जलालपुर (सारण)। जलालपुर प्रखंड के कोपा थाना क्षेत्र अंतर्गत बनकटा गांव में गुरुवार को 70वीं बीपीएससी परीक्षा में नवचयनित एसडीएम मनोरंजन साह के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का आयोजन उनके ननिहाल में बिहार राज्य गोंड़ आदिवासी महासभा के तत्वावधान में किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पमालाओं से सम्मानित किया।

समारोह की अध्यक्षता महासभा के महासचिव एवं पूर्व शिक्षक विजय साह गोंड़ ने की। वक्ताओं ने कहा कि मनोरंजन साह की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर 70वीं बीपीएससी परीक्षा में 151वीं रैंक प्राप्त कर एसडीएम पद पर चयनित होकर परिवार, समाज और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

मनोरंजन साह मूल रूप से एकमा प्रखंड के असहनी पंचायत के अतरसन गांव निवासी उमाशंकर साह के पुत्र हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद के रूरा में हुई। वर्तमान उपलब्धि ने उनके पैतृक गांव के साथ-साथ ननिहाल बनकटा में भी खुशी का माहौल बना दिया है।

मनोरंजन साह के नाना डॉ. निरशु नारायण प्रसाद के आवास पर आयोजित इस सम्मान समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उन्हें उज्ज्वल प्रशासनिक जीवन की शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि वे ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करेंगे।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष वीर प्रकाश साह गोंड़, सचिव बिनोद कुमार गोंड़, समाजसेवी एवं पूर्व सैनिक रामनारायण यादव, कामाख्या नारायण यादव, रोगी कल्याण समिति सदस्य एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी अखिलेश कुमार, मरहा पंचायत के मुखिया मुन्ना साह, सरपंच प्रतिनिधि मनोज साह गोंड़, कोपा नगर पंचायत की उप मुख्य पार्षद माधुरी सिंह, धीरेन्द्र साह, प्रमोद कुमार साह, शिक्षक बसंत प्रसाद, भरत साह, सुमन राज प्रियदर्शी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।