
पानापुर (सारण)। विद्यालय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने, निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से शुरू किए जा रहे ‘मशाल 2026’ कार्यक्रम को लेकर बुधवार को बीआरसी पानापुर में एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न विद्यालयों के शारीरिक शिक्षक, नामित खेल प्रभारी एवं खेल अनुदेशकों ने भाग लिया।
मास्टर ट्रेनर रौशन कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को खिलाड़ियों के चयन, पात्रता जांच, आयु प्रमाण-पत्रों के सत्यापन तथा प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष संचालन की प्रक्रिया से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं की शुरुआती स्तर पर ही पहचान कर उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता एवं मानकों के आकलन के लिए पारदर्शी तरीके से ‘बैटरी टेस्ट’ कराने की प्रक्रिया की भी विस्तार से जानकारी दी गयी। शिक्षकों को प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों की पात्रता और दस्तावेजों की जांच के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बताया गया कि ‘मशाल 2026’ के तहत प्रतियोगिताएं चरणबद्ध तरीके से आयोजित होंगी। पहले विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी, इसके बाद सीआरसी, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर तक प्रतिभागियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। अंडर-14 एवं अंडर-16 आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए एथलेटिक्स, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल और साइकिलिंग सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अरुण कुमार तिवारी, रमेश कुमार सिंह, शिवकुमार राम, वीरेंद्र प्रसाद चौधरी, कांता राम, प्रदीप कुमार, मनोज कुमार पांडेय, अभिषेक कुमार सिंह, महम्मद कासिम सहित अन्य शारीरिक शिक्षक एवं खेल अनुदेशक मौजूद रहे।






Recent Comments